राजनगर एक्सटेंशन और क्रॉसिंग रिपब्लिक में जल्द बनेंगे फायर स्टेशन !

0

लंबे समय से उठ रही मांग पर प्रशासन सख्त, फायर सेफ्टी को लेकर बड़े एक्शन की तैयारी

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। चीफ फायर ऑफिसर राहुल कुमार पाल ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि डीएम के निर्देश पर राजनगर एक्सटेंशन और क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में जल्द ही नए फायर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित विभाग को जगह चिन्हित करने के निर्देश दे दिए गए हैं। 

गौरतलब है कि राजनगर एक्सटेंशन और क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्रों में फायर स्टेशन की मांग लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन अब हालिया आग की घटना के बाद प्रशासन ने इस दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए हैं।

दरअसल, राजनगर एक्सटेंशन और क्रॉसिंग रिपब्लिक दोनों ही इलाके तेजी से विकसित हो रहे हैं और यहां बड़ी संख्या में बहुमंजिला इमारतें मौजूद हैं, जहां हजारों परिवार निवास करते हैं। इन क्षेत्रों में आए दिन आग लगने की घटनाएं सामने आने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

सीएफओ राहुल कुमार पाल ने बताया कि अब फायर विभाग विशेष अभियान चलाएगा। इसके तहत स्पेशल टीमें गठित कर सोसायटियों और संस्थानों में फायर फाइटिंग सिस्टम की सघन जांच की जाएगी। जिन जगहों पर लापरवाही पाई जाएगी, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी खुलासा किया कि हाल ही में किए गए ऑडिट में 139 सोसायटियों में फायर सेफ्टी सिस्टम में खामियां पाई गई थीं, जिनको नोटिस जारी किए गए। वहीं 52 सोसायटियां ऐसी थीं, जिन्होंने बार-बार नोटिस के बावजूद सुधार नहीं किया। इन सभी के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में परिवाद दाखिल किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!