प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद के बाद मजदूर के पेट में चाकू घोंपा

Report- News1up
-ज़ीटीबी अस्पताल में चल रहा उपचार, हमलावर गिरफ्तार
गाजियाबाद। थाना मसूरी क्षेत्र में रविवार की रात प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद के बाद मजदूर के पेट में चाकू मार दिया गया जिससे वह घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगो को देखकर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। घायल को निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ज़ीटीबी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। इस संबंध में घायल के चाचा ने हमलावर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जारचा मसूरी रोड पर 19 वर्षीय अजीम पुत्र सलीम अपने परिवार के साथ रहता है और मेहनत मजदूरी करता है। अजीम के चाचा नौशाद ने बताया कि रविवार की रात करीब 8:30 बजे अजीम निंदा इंटर कॉलेज के सामने बने अपने दूसरे चाचा वसीम के घर से अपने घर आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में चाकू लेकर घात लगाए बैठे युवक शोएब निवासी जारचा मसूरी रोड ने उसे घेर लिया और कहासुनी के बाद पेट में चाकू घोंप दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उधर, चाकू लगने के बाद अजीम की निकली चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग गया। घायल को निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ज़ीटीबी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
मसूरी थाना प्रभारी रविंद्र चंद पंत ने बताया कि हमलावर शोएब का घायल युवक की परिवार की एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा है जिसको लेकर हमलावर और घायल का विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते अजीम को चाकू मारा गया है। इस संबंध में घायल के चाचा नौशाद ने तहरीर दी है। जिसके आधार पर हमलावर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। अस्पताल में भर्ती घायल की हालत ठीक बताई जा रही है।