मैं भी भारत के लिए खेलूँगी… मैं भी तिरंगा फहराऊँगी!
जज़्बा, जुनून और जीत
महिला क्रिकेट टीम ने पूरा किया वो सपना
जो अधूरा रह गया था अहमदाबाद में
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गाजियाबाद। बीती रात भारत का आसमान एक बार फिर तिरंगे के रंगों से सराबोर हो उठा। वह सपना जो साल 2023 में अहमदाबाद की धरती पर अधूरा रह गया था, जब भारतीय पुरुष टीम वर्ल्ड कप की दहलीज़ पर ठिठक गई थी, उसी गौरव को भारत की जांबाज़ बेटियों ने पूरा कर दिखाया।
महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है, वो कप जो हमारे हाथों से फिसल गया था, अब उन्हीं हाथों ने संभाल लिया है, जिन्होंने कभी खुद को कमजोर नहीं माना। आज सिर्फ़ क्रिकेट की जीत नहीं हुई, आज “भारत की बेटी” नामक सोच की जीत हुई है।
हर भारतीय माँ, हर बेटी, हर बहन आज अपने भीतर एक नयी ऊर्जा महसूस कर रही है।
अब क्रिकेट सिर्फ़ पुरुषों का खेल नहीं रहा
IRTE की पूर्व असिस्टेंट प्रोफेसर नवोत्सना छाबा कहती हैं-

“लम्बे समय से क्रिकेट को सिर्फ़ पुरुषों का खेल समझा जाता था, लेकिन हमारी बेटियों ने अपनी काबिलियत, जज़्बे, और स्ट्रेटेजी से इस नेरेटिव को न सिर्फ़ बदला है बल्कि देश की करोड़ों बेटियों को यह एहसास कराया है कि कोई भी मंच अब सिर्फ़ किसी एक जेंडर के लिए नहीं रह गया है। आज की भारतीय महिला हर मैदान में शेरनी की तरह डटी है।”
ये जीत सिर्फ़ एक ट्रॉफी नहीं, हमारी पहचान है

सहायक पुलिस कमिश्नर उपासना पांडेय ने कहा-
“महिला क्रिकेट टीम की ये जीत एक संदेश है, कि अगर आप अपने सपनों को लेकर ईमानदार हैं तो कोई दीवार ऊँची नहीं। यह ट्रॉफी नहीं, बल्कि नारी की असली पहचान है,सहनशीलता, साहस और संकल्प की।”
ये जीत बताती है कि मैदान किसी के बाप का नहीं

रिचा सूद, जिन्होंने हाल ही में South Asian Masters Championship 2025 में भारत के लिए डिस्कस थ्रो में पदक जीता, भावुक होकर बोलीं-
“महिला खिलाड़ियों ने हर उस मानसिकता को चुनौती दी है जो कहती थी कि लड़कियाँ हार्ड गेम नहीं खेल सकतीं। हमारी क्रिकेट टीम की यह जीत उस सोच पर सबसे बड़ा प्रहार है। मैदान किसी के बाप का नहीं होता, जो पसीना बहाएगा, वही झंडा फहराएगा।”
ये बेटियाँ देश की सबसे मज़बूत डिफेंस लाइन हैं

सहायक पुलिस कमिश्नर प्रियाश्री पाल ने कहा-
“जहाँ भी नारी अपने हक के लिए खड़ी होती है, वहाँ अन्याय अपने आप हार जाता है। हमारी क्रिकेट टीम ने दिखा दिया कि अनुशासन, साहस और एकता से हर चुनौती पर विजय पाई जा सकती है।”
नारी प्रकृति की तरह है: झुकती है, टूटती नहीं

एक्टिव ग्रीन, ‘नींव’ संस्था की संस्थापक निधि विश्वकर्मा ने मुस्कुराते हुए कहा-
“भारत की बेटियाँ उसी धरती की बेटियाँ हैं जो हर तूफान के बाद फिर खड़ी हो जाती हैं। उनकी जीत सिर्फ़ खेल की नहीं, बल्कि समाज में बदलाव की जीत है। आज उन्होंने हर युवा लड़की को संदेश दिया है, कि तुम्हारी जड़ें अगर मज़बूत हैं, तो कोई आँधी तुम्हें गिरा नहीं सकती।”
हर क्लासरूम में अब बेटियाँ कहेंगी: मैं भी बन सकती हूँ चैंपियन

बेसिक शिक्षा विभाग की अध्यापिका कोमल कुमार कहती हैं-
“जब हमारी बच्चियाँ आज मैदान में इन चैंपियनों को देखती हैं, तो उनके सपनों में अब सीमाएँ नहीं रहतीं। शिक्षा और खेल दोनों मिलकर समाज को आगे बढ़ाते हैं। अब हर कक्षा में बेटियाँ कहेंगी, ‘मै भी वर्ल्ड कप जीत सकती हूँ।’”
ये जीत हर महिला क्लब, हर सोसाइटी में जश्न है

समर्पण गोल्फ लिंक्स लेडीज क्लब की डायरेक्टर अंजलि भटनागर ने कहा-
“ये जीत सिर्फ़ क्रिकेट प्रेमियों की नहीं, हर उस महिला की है जो सुबह से रात तक अपने परिवार, करियर और सपनों को संतुलित करती है। हमारी बेटियाँ उस उम्मीद का नाम हैं जो कभी हार नहीं मानती।”
बेटियों ने बता दिया: हम सजने-संवरने के साथ लड़ भी सकती हैं

सफायर सोसाइटी की वीना मानी ने गर्व से कहा-
“दुनिया भर में अगर आज भारतीय महिला क्रिकेट टीम का नाम गूंज रहा है तो इसकी वजह है उनका आत्मविश्वास। उन्होंने साबित कर दिया कि नारी सिर्फ़ सशक्त नहीं ‘अजेय’ है।”
भारत की बेटियाँ अब मिसाल हैं, सवाल नहीं

इन जांबाज महिला क्रिकेट खिलाडियों ने साबित कर दिया कि जहाँ नारी खड़ी होती है, वहाँ इतिहास खुद को दोहराने नहीं देती, वो नया इतिहास लिखती है। आज जब पूरा देश तिरंगे में लिपटी इस जीत पर गर्व कर रहा है, तो हर बेटी के दिल में एक नया सपना जागा है-
“मैं भी भारत के लिए खेलूँगी… मैं भी विश्व मंच पर तिरंगा फहराऊँगी”
