प्रॉपर्टी की लड़ाई में पिता बना बेटे का कातिल !

0

बेटे की मासूमियत को ‘सबूत’ बना गया पिता! प्रॉपर्टी विवाद में रिश्तों का सबसे खौफनाक अंत

ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र से सामने आई यह वारदात सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि रिश्तों के टूटते भरोसे की भयावह तस्वीर है। जिस पिता के कंधों पर बेटे की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी ने अपने 13 वर्षीय इकलौते बेटे को परिवारिक संपत्ति विवाद की साजिश का हिस्सा बना दिया। मासूम बेटे की हत्या कर शव को पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया गया और फिर पुलिस को गुमशुदगी की झूठी कहानी सुनाई गई। लेकिन सीसीटीवी फुटेज, बच्चों के बयान और पुलिस की सतर्क जांच ने उस झूठ की परतें खोल दीं, जिसके पीछे एक पिता का क्रूर चेहरा छिपा था।

NEWS1UP

अपराध डेस्क

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि संपत्ति विवाद में अपने परिवार के अन्य सदस्यों को फंसाने की साजिश रचते हुए एक पिता ने अपने ही 13 वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया और खुद ही बेटे की गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दे दी।

मामला कासना थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को एक 13 वर्षीय लड़के के लापता होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआत में मामला सामान्य गुमशुदगी का लग रहा था, लेकिन जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, कहानी बेहद खौफनाक होती चली गई।

सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज

पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले और आसपास के बच्चों से पूछताछ की। जांच में पता चला कि लापता बच्चा आखिरी बार अपने पिता के साथ कार में देखा गया था। इसके बाद पुलिस का शक गहराने लगा।

जब पुलिस ने पिता से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। आरोपी ने दावा किया कि उसने बेटे को गुलिस्तानपुर गांव में अपने एक दोस्त के पास छोड़ा है। हालांकि उसके बयान लगातार बदलते रहे, जिससे पुलिस को उस पर संदेह हो गया।

तालाब में मिला शव, खुल गई साजिश

इसी बीच कासना पुलिस को सूचना मिली कि सिरसा गांव स्थित 6 प्रतिशत कॉलोनी के पास एक तालाब में बच्चे का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव की पहचान लापता 13 वर्षीय बच्चे के रूप में हुई।

जांच में सामने आया कि आरोपी पिता ने संपत्ति विवाद में अपने परिवार के अन्य लोगों को फंसाने के इरादे से बेटे की हत्या की थी। पुलिस का मानना है कि आरोपी इस वारदात को एक सुनियोजित साजिश की तरह पेश करना चाहता था ताकि परिवार के कुछ सदस्यों पर हत्या का शक जाए।

पकड़े जाने के डर से आत्महत्या का प्रयास

पुलिस गिरफ्त में आने के डर से आरोपी पिता ने खुदकुशी की कोशिश भी की। उसने ब्लेड से अपना गला काटने का प्रयास किया, जिसका वीडियो आसपास मौजूद लोगों ने बना लिया। हालांकि समय रहते उसे काबू में कर लिया गया।

पुलिस हिरासत में आरोपी पिता

पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले के हर पहलू की गहन जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!