यूनिनव हाइट्स में “हर घर होगा फायरफाइटर” अभियान, रेजिडेंट्स को मिला सेफ्टी का व्यावहारिक प्रशिक्षण

1

फायर NOC के बाद जागरूकता पर फोकस, एक्सटिंग्विशर इस्तेमाल से लेकर आपात स्थिति से निपटने तक दी गई ट्रेनिंग

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित यूनिनव हाइट्स सोसाइटी में “हर घर होगा फायरफाइटर” अभियान के तहत फायर सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य निवासियों को आग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित और जागरूक बनाना रहा।

उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले ही सोसाइटी को फायर एनओसी प्राप्त हुआ है, जिसे सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। हालांकि कार्यक्रम में यह स्पष्ट किया गया कि केवल आधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका सही समय पर और सही तरीके से उपयोग करना भी उतना ही जरूरी है।

फायर विभाग से पहुंचे अधिकारी दारा सिंह ने रेजिडेंट्स को फायर एक्सटिंग्विशर के इस्तेमाल, आग लगने के प्रमुख कारणों और उससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान प्रैक्टिकल डेमोंस्ट्रेशन भी कराया गया, जिसमें लोगों ने खुद उपकरणों का इस्तेमाल करना सीखा। इससे उन्हें आपात स्थिति में बिना घबराए त्वरित कार्रवाई करने का आत्मविश्वास मिला।

कार्यक्रम के दौरान हाल ही में गाजियाबाद की एक बहुमंजिला इमारत में लगी आग की घटना का भी जिक्र किया गया। इस उदाहरण के जरिए निवासियों को यह समझाया गया कि शुरुआती स्तर पर ही आग पर नियंत्रण पाना कितना महत्वपूर्ण होता है।

सोसाइटी प्रबंधन ने कहा कि फायर सेफ्टी केवल सिक्योरिटी या मेंटेनेंस स्टाफ की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर निवासी की साझा जिम्मेदारी है। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने इस पहल को और प्रभावी बनाया।

सोसाइटी के अध्यक्ष फनीश कुमार राय ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि रेजिडेंट्स की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और “हर घर होगा फायरफाइटर” अभियान के जरिए हर परिवार को आत्मनिर्भर बनाना ही लक्ष्य है।

1 thought on “यूनिनव हाइट्स में “हर घर होगा फायरफाइटर” अभियान, रेजिडेंट्स को मिला सेफ्टी का व्यावहारिक प्रशिक्षण

  1. I am very sorry to write here that in our society officer city 1 rajnagar extension we don’t have fire hydrant system and even portable fire extinguishers are also not available at all floors . Parking system is also very poor in case of fire , fire tenders can not reach upto desired place due to clogged roads

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!