आयुष्मान योजना से बदली तस्वीर: बागपत बना यूपी का नंबर वन जिला

0

94% से अधिक परिवार जुड़े, 123 करोड़ के इलाज ने दी राहत

गरीबों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा बनी मजबूत ढाल

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ/बागपत। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अब उत्तर प्रदेश के लाखों परिवारों के लिए संकटमोचक साबित हो रही है।

इस योजना ने न केवल गरीब बल्कि मध्यमवर्गीय परिवारों को भी आर्थिक असुरक्षा से राहत दी है। खास बात यह है कि बागपत जनपद ने इस योजना के क्रियान्वयन में पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर लिया है, जहां 94 प्रतिशत से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जा चुका है।

उम्मीद और सुरक्षा का नया आधार

आयुष्मान कार्ड अब प्रदेश में स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत प्रतीक बन चुका है। इसके तहत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिलाधिकारी अस्मिता लाल के अनुसार-

अस्मिता लाल, डीएम, बागपत

यह योजना सिर्फ इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में आत्मविश्वास भी बढ़ा रही है। बागपत में अब तक साढ़े तीन लाख से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल चुका है।

बागपत बना मॉडल, 123 करोड़ से अधिक का क्लेम

बागपत जिले में आयुष्मान योजना के तहत 123 करोड़ रुपये से अधिक का क्लेम दर्ज किया जाना इस बात का संकेत है कि योजना जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू हो रही है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि अब इलाज केवल सुविधा नहीं, बल्कि अधिकार बनता जा रहा है।

जब योजना बनी जीवनदान

श्वेता की नई शुरुआत

बड़ौत निवासी श्वेता कूल्हे की गंभीर समस्या से जूझ रही थीं। महंगा ऑपरेशन उनके परिवार की पहुंच से बाहर था, लेकिन आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त सर्जरी ने उन्हें नया जीवन दिया।

समदीन को दर्द से राहत

गुर्दे की पथरी से पीड़ित समदीन के लिए 55 हजार रुपये का इलाज संभव नहीं था। योजना के तहत मुफ्त ऑपरेशन के बाद वे फिर से सामान्य जीवन जी रहे हैं।

सहाना के लिए बना सुरक्षा कवच

ग्राम बड़ावद की सहाना को अचानक एपेंडिक्स की समस्या हुई। आयुष्मान कार्ड के जरिए उनका 40 हजार रुपये का ऑपरेशन बिना किसी खर्च के हुआ और वे अब पूरी तरह स्वस्थ हैं।

हर घर तक पहुंची राहत

महरोजा (बिलोचपुरा) और मनोज कुमार (खिंदौड़ा) जैसे कई लाभार्थियों की कहानियां इस योजना की सफलता को प्रमाणित करती हैं। पहले जहां बीमारी आर्थिक संकट का कारण बनती थी, वहीं अब लोगों के मन में यह विश्वास है कि इलाज संभव है।

सरकार की प्रतिबद्धता का असर

राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। पारदर्शिता, व्यापक कवरेज और सक्रिय प्रशासनिक तंत्र के चलते आयुष्मान योजना प्रदेश में स्वास्थ्य सुरक्षा की रीढ़ बनती जा रही है।

ऐसे हासिल किया गया लक्ष्य

जिलाधिकारी अस्मिता लाल के अनुसार, बागपत में योजना के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन के लिए विशेष रणनीति अपनाई गई

सभी वृद्धावस्था पेंशनधारकों का पूर्ण कवरेज

शिक्षकों, कर्मचारियों और शिक्षा मित्रों के माता-पिता को शामिल करना

जनप्रतिनिधियों के परिवारों को भी योजना से जोड़ना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!