राजनगर एक्सटेंशन की समस्याओं पर फोकस, फ्रेंस की पहली बैठक में तीन उप-समितियों का गठन
नई कार्यकारिणी ने सड़कों, जल संकट और फायर स्टेशन जैसे मुद्दों को प्राथमिकता में रखा
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में फ्रेंस (फेडरेशन ऑफ राजनगर एक्सटेंशन सोसाइटीज) की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की पहली बैठक 2 मई 2026 को डब्लू सृष्टि सोसाइटी के क्लब हॉल में सम्पन्न हुई। करीब दो घंटे चली बैठक में नई टीम को जिम्मेदारियों का हस्तांतरण किया गया और भविष्य की योजनाओं पर निर्णय लिए गए।
फेडरेशन की महासचिव डॉ. सीमा शर्मा ने बताया कि क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए तीन उप-समितियां गठित की गई हैं। जबकि अध्यक्ष सचिन त्यागी ने कहा कि शहरीकरण से जुड़ी अनेक समस्याओं के चलते प्राथमिकता तय कर चरणबद्ध कार्य करने का निर्णय लिया गया है।
पहली उप-समिति सड़कों और कूड़ा निस्तारण जैसी प्राधिकरण संबंधी समस्याओं पर काम करेगी, जिसकी जिम्मेदारी डॉ. सीमा शर्मा को दी गई है।
दूसरी उप-समिति भू-जल गिरावट और गंगा वाटर परियोजना के लिए बनाई गई है, जिसका नेतृत्व मंजीत चौहान करेंगे।
तीसरी उप-समिति फायर स्टेशन स्थापना के लिए गठित की गई है, जिसकी जिम्मेदारी सुभाष कुमार चौहान को सौंपी गई है।
बैठक में फेडरेशन के बैंक खाते से जुड़े कार्यों के लिए सचिव गणेश्वर रलहन और कोषाध्यक्ष गगन भारद्वाज को अधिकृत किया गया। अगली समीक्षा बैठक जून में प्रस्तावित है। बैठक में मीडिया प्रभारी मोनू कुमार त्यागी, कार्यकारिणी सदस्य मोहित नारायण व आदित्य त्यागी सहित नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सभी चौदह सदस्य उपस्थित रहे।
