हिंडन जल बिरादरी ने जीडीए को लिखा पत्र, राजनगर एक्सटेंशन में प्रदूषण और हरियाली संकट पर जताई चिंता
एक लाख से अधिक आबादी प्रदूषण की चपेट में, वृक्षारोपण अभियान चलाने की मांग
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण और हरियाली की कमी को लेकर सामाजिक संगठन हिंडन जल बिरादरी ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) को एक महत्वपूर्ण पत्र भेजा है। संगठन के सचिव एडवोकेट विक्रांत शर्मा द्वारा लिखे गए इस पत्र में इलाके की पर्यावरणीय स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है और तत्काल प्रभाव से ठोस कदम उठाने की मांग की गई है।
विक्रांत शर्मा के अनुसार-

राजनगर एक्सटेंशन में करीब एक लाख से अधिक लोग निवास कर रहे हैं, लेकिन अनियोजित विकास और निर्माण कार्यों के चलते यहां वायु प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है।धूल और निर्माण सामग्री के अत्यधिक उपयोग से वातावरण दूषित हो रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
संगठन ने यह भी बताया कि क्षेत्र में हरियाली का अभाव है। पर्याप्त संख्या में पेड़-पौधे नहीं लगाए गए हैं, जिससे प्रदूषण नियंत्रण की प्राकृतिक व्यवस्था भी कमजोर पड़ गई है। पत्र में विशेष रूप से सड़कों के किनारे और खाली पड़ी भूमि पर ओपन जिम बनाने वृक्षारोपण अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।
हिंडन जल बिरादरी ने जीडीए से मांग की है कि निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के प्रभावी उपाय किए जाएं। साथ ही, क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट विकसित करने और बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान शुरू करने की अपील की गई है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि समय रहते इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
