ग्रेटर नोएडा: शादी से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, पुराने विवाद ने ली जान
मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार
NEWS1UP
अपराध डेस्क
नोएडा। शादी समारोह से लौट रहे एक युवक की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मामूली कूड़ा फेंकने को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद इस खौफनाक वारदात की वजह बना।
घटना थाना सूरजपुर क्षेत्र के साकीपुर गांव की है, जहां बीती रात करीब 12:30 बजे साजन भाटी अपने दोस्त की शादी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे उनके पड़ोसी टिल्लू भाटी उर्फ मंगेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर साजन को रास्ते में रोक लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से साजन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत कैलाश अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह के अनुसार, घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध गाड़ी को रोका गया, जिसमें मौजूद बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार 32 बोर की एक पिस्टल और कारतूस भी बरामद कर लिया गया है। हालांकि, एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
मामूली विवाद बना मौत की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि साजन भाटी और आरोपी के बीच घर के बाहर कूड़ा फेंकने को लेकर एक दिन पहले कहासुनी और विवाद हुआ था। इसी रंजिश में इस जघन्य हत्या को अंजाम दिया गया।
इलाके में दहशत, लोगों में आक्रोश
इस घटना के बाद साकीपुर गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। एक छोटे से विवाद ने एक परिवार से उसका बेटा छीन लिया, जिससे स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश और भय व्याप्त है।
