फिर सुलगा इंदिरापुरम! अपार्टमेंट में आग से मचा हड़कंप! दमकल की जांबाज टीम ने बचाईं जानें
बेसमेंट से उठी आग तीसरी मंजिल तक पहुंची, 4 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू, शॉर्ट सर्किट की आशंका
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम के नीति खंड-2 स्थित एक अपार्टमेंट में मंगलवार को अचानक लगी भीषण आग ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। आग की शुरुआत बिल्डिंग के बेसमेंट से हुई, जो कुछ ही देर में विकराल रूप लेते हुए तीसरी मंजिल तक फैल गई। देखते ही देखते पूरी इमारत धुएं और लपटों की चपेट में आ गई, जिससे वहां रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। चीफ फायर ऑफिसर राहुल पाल के नेतृत्व में तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। घने धुएं और तेज लपटों के बीच दमकलकर्मियों ने बहादुरी दिखाते हुए अपार्टमेंट में फंसे 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि फायर विभाग इस मामले की विस्तृत जांच कर रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना के बाद अपार्टमेंट और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
लगातार बढ़ती आग की घटनाओं से बढ़ी चिंता
एनसीआर में लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाएं लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। हाल ही में गौर ग्रीन एवेन्यू और विवेक विहार में हुई घटनाओं के बाद यह ताजा हादसा अपार्टमेंट सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

