दादरी में 89 लाख की लागत से सड़क मरम्मत कार्य का शिलान्यास

0

दुजाना–सादुल्लापुर–खेड़ी मार्ग के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीणों को मिलेगा बेहतर संपर्क

NEWS1UP

संवाददाता

दादरी। क्षेत्रीय विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दादरी क्षेत्र के विधायक तेजपाल सिंह नागर ने सोमवार को दुजाना–सादुल्लापुर–खेड़ी–दादरी बाईपास (दुजाना आबादी) मार्ग के विशेष मरम्मत कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।

लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत कराए जा रहे इस कार्य की कुल लंबाई लगभग 0.650 किलोमीटर है, जिस पर 89.24 लाख रुपये की लागत व्यय की जाएगी। परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने के साथ-साथ आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक तेजपाल सिंह नागर ने कहा कि दादरी विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि-

सड़कों, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आवश्यक सेवाओं को गांव-गांव और शहरी क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि आमजन को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

लोक निर्माण विभाग ने भी इस परियोजना को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलने की संभावना है।

कार्यक्रम में समाजसेवी एच के शर्मा प्रधान महेंद्र सिंह, नगर मंडल अध्यक्ष बदलपुर, शालू नागर, सतीश (बीडीसी), कुलदीप नागर, सचिन नागर, विजयपाल, मुकदम हरेंद्र नागर, प्रदीप वेद, तरुण नागर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!