ऑफिसर सिटी-2 में फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल, आपात स्थिति से निपटने के लिए निवासियों को किया जागरूक

0

रिटायर्ड फायर अधिकारी के नेतृत्व में अभ्यास: इवैक्युएशन, अलार्म सिस्टम और एक्सटिंग्विशर के उपयोग की दी गई विस्तृत ट्रेनिंग

NEWS1UP

एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर सिटी-2 सोसायटी परिसर में रविवार को फायर सेफ्टी को लेकर एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य निवासियों को आग जैसी आपात स्थितियों में सतर्कता बरतने, समय पर सही निर्णय लेने और उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों का प्रभावी उपयोग करना सिखाना था।

मॉक ड्रिल का संचालन रिटायर्ड फायर सब इंस्पेक्टर रोशन लाल के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने निवासियों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखने, फायर अलार्म सिस्टम को सक्रिय करने, फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग और सुरक्षित निकासी (इवैक्युएशन) के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

ड्रिल के दौरान सोसायटी के विभिन्न टावरों से निवासियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का अभ्यास भी कराया गया। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष रूप से प्राथमिकता देते हुए रेस्क्यू प्रक्रिया को समझाया गया, ताकि वास्तविक स्थिति में किसी प्रकार की अफरा-तफरी न हो।

इस अवसर पर AOA के सचिव गौरव सोनी ने कहा-

फायर सेफ्टी हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस तरह की मॉक ड्रिल समय-समय पर आयोजित की जानी चाहिए, ताकि सभी निवासी जागरूक और तैयार रहें।

हमने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया है कि हर परिवार को बेसिक सेफ्टी नॉलेज मिले और वे किसी भी आपात स्थिति में खुद और दूसरों की मदद कर सकें। उन्होंने आगे कहा कि सोसायटी प्रबंधन भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, जिससे सुरक्षा मानकों को और मजबूत किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!