गौर ग्रीन एवेन्यू अग्निकांड: जीडीए सचिव के सामने भड़का गुस्सा, आगजनी को लेकर साजिश के आरोप

0

एओए पर हादसे के समय दमकल के वाहनों को मौके तक नहीं पहुंचने देने के आरोप

NEWS1UP

संवाददाता

गाज़ियाबाद। इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में लगी आग के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। निरीक्षण के लिए पहुंचे जीडीए सचिव के सामने ही स्थानीय निवासियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह आग सामान्य हादसा नहीं, बल्कि जानबूझकर लगाई गई घटना हो सकती है।

बैठक के दौरान पीड़ित परिवारों और अन्य निवासियों ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि आग लगने की परिस्थितियां संदिग्ध हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। लोगों ने जोर देकर कहा कि जब तक सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई संभव नहीं है।

मौके पर मौजूद लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के वक्त कई ऐसी लापरवाहियां हुईं, जिनकी वजह से नुकसान और बढ़ गया। वहीं AOA पर यह भी आरोप लगा है कि हादसे के समय दमकल के वाहनों को मौके तक पहुंचने के लिए एक दीवार को तोड़ने की जरूरत थी। लेकिन AOA ने दीवार को नहीं तोड़ने दिया। जानकारी के मुताबिक, आग की शुरुआत डी टावर की नौवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट से हुई थी। इस फ्लैट को लेकर भी कई सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, सबसे बड़ा मुद्दा यही रहा कि आग के पीछे साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

स्थिति उस वक्त और तनावपूर्ण हो गई जब लोगों का आक्रोश बढ़ता चला गया और प्रशासन को हालात संभालने में मशक्कत करनी पड़ी। बाद में पुलिस की मौजूदगी में माहौल को शांत कराया गया।

प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कराई जाएगी और यदि किसी भी तरह की साजिश या लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!