गाजियाबाद में “दो गज पीछे” अभियान तेज, अतिक्रमण हटाने को पुलिस सख्त

0

बाजारों और सड़कों पर उतरी पुलिस टीमों ने दुकानदारों को चेताया, नियमों का पालन नहीं किया तो होगी कार्रवाई

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। शहर में बढ़ते अतिक्रमण और उससे पैदा हो रही यातायात समस्याओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा “दो गज पीछे” अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत शहर के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने और लोगों को जागरूक करने का काम किया जा रहा है।

इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बाजारों, संकरी गलियों और मुख्य मार्गों का दौरा किया। टीमों ने दुकानदारों से सीधे संवाद करते हुए उन्हें समझाया कि सड़क और फुटपाथ पर सामान फैलाने से यातायात बाधित होता है और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर पुलिस ने मौके पर ही अतिक्रमण हटवाया और चेतावनी भी दी।

दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकानें निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें और किसी भी हालत में फुटपाथ या सड़क पर सामान न फैलाएं। पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण जारी रहा तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना ही नहीं, बल्कि शहर में सुगम यातायात, सुरक्षा और व्यवस्था को सुनिश्चित करना भी है। अधिकारियों का मानना है कि जनता के सहयोग से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!