मदर्स डे की पूर्व संध्या पर महिलाओं को स्वास्थ्य का संदेश
समय पर जांच और जागरूकता से कैंसर का इलाज संभव : डॉ. रेखा आर्या
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। मदर्स डे की पूर्व संध्या पर राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी के कम्युनिटी हॉल में महिलाओं के स्वास्थ्य और कैंसर जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यशोदा हेल्थकेयर के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. रेखा आर्या ने महिलाओं को स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर समेत विभिन्न गंभीर बीमारियों के लक्षण, बचाव और समय पर जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को परिवार के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। नियमित स्वास्थ्य जांच और समय रहते उपचार से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव है।
डॉ. रेखा आर्या ने महिलाओं को संतुलित जीवनशैली अपनाने, नियमित जांच कराने और शरीर में होने वाले किसी भी असामान्य परिवर्तन को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने स्वास्थ्य से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से जवाब दिया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सोसायटी की पूर्व अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य रश्मि चौधरी की विशेष भूमिका रही। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यशोदा हेल्थकेयर और डॉ. रेखा आर्या का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि महिलाएं समय रहते अपनी जांच और उपचार के प्रति सजग हो सकें।
मदर्स डे की पूर्व संध्या को यादगार बनाने के लिए कार्यक्रम में महिलाओं के साथ केक काटा गया। साथ ही उपस्थित महिलाओं को सम्मानित कर उपहार भेंट किए गए। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर कार्यकारिणी सदस्य रश्मि चौधरी, सीमा गुप्ता, अनुजा बंसल, प्रभा शर्मा, डॉ. सोनी शर्मा, निशी गुप्ता, मनीषा, शालिनी कक्कड़, दया सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। यशोदा हेल्थकेयर की ओर से जलपान की भी व्यवस्था की गई।
