गोल्डन गर्ल मधु सिंह बनीं उपनिरीक्षक, नोएडा पुलिस में सम्मान का बड़ा पल
अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में कई गोल्ड जीतने वाली महिला आरक्षी को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने स्टार लगाकर किया सम्मानित, खेल उपलब्धियों से बढ़ाया यूपी पुलिस का गौरव
NEWS1UP
संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में तैनात महिला आरक्षी मधु सिंह ने अपने शानदार खेल प्रदर्शन से पूरे पुलिस विभाग का गौरव बढ़ा दिया है। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार पदक जीतने वाली मधु सिंह को अब उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। इस उपलब्धि पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने उन्हें स्टार लगाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मधु सिंह ने ताइक्वांडो की कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में देश और विभाग का नाम रोशन किया है। उन्होंने वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप, चतुर्थ नेशनल चैंपियनशिप कटक, तृतीय सीनियर नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप, द्वितीय वूमेन्स लीग ताइक्वांडो चैंपियनशिप और माउंट एवरेस्ट इंटरनेशनल ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में गोल्ड मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। इसके अलावा 40वीं नेशनल चैंपियनशिप 2025 में सिल्वर मेडल और 38वें नेशनल गेम्स उत्तराखंड में ब्रॉन्ज मेडल भी अपने नाम किया।
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में यह सम्मान गर्व और प्रेरणा का क्षण बन गया। खेल के मैदान में लगातार सफलता हासिल करने वाली मधु सिंह अब पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक के रूप में नई जिम्मेदारी निभाएंगी।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि मधु सिंह की उपलब्धियां न केवल महिला पुलिसकर्मियों बल्कि युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मधु सिंह आगे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम रोशन करती रहेंगी।
