छह महीने की रेकी, फिल्मी अंदाज में लूटी ATM कैश वैन, गाजियाबाद पुलिस ने खोला बड़ा राज
27 लाख की लूट के पीछे छह लोगों का गैंग, मास्टरमाइंड अभी भी फरार
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। क्रासिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में इंडिया वन एटीएम कैश वैन से 27 लाख रुपये की लूट का सनसनीखेज मामला अब धीरे-धीरे खुलता जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम देने से पहले करीब छह महीने तक कैश वैन की रेकी की थी। यही वजह रही कि बदमाशों ने पूरी वारदात को बेहद शातिर और फिल्मी अंदाज में अंजाम दिया।

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 6 मई को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे स्थित पेट्रोल पंप के पास इंडिया वन एटीएम कैश वैन को निशाना बनाया गया था। बदमाश बिना नंबर प्लेट लगी बलेनो कार में पहुंचे थे और पहले से ही मौके पर घात लगाकर बैठे थे।
जैसे ही कैशियर और गार्ड एटीएम में कैश डालने के लिए अंदर गए, बदमाशों ने मौके का फायदा उठाया। आरोपियों ने ड्राइवर को तमंचे के बल पर कब्जे में लिया और कुछ ही मिनटों में लाखों रुपये लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान फायरिंग भी की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।
वेव सिटी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद कैफ और मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 8 लाख 6 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई कार, तमंचा और कुल्हाड़ी बरामद की है।
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह का मास्टरमाइंड जुबैर है, जो अभी फरार चल रहा है। पुलिस के अनुसार गिरोह में कुल छह सदस्य शामिल थे और सभी ने मिलकर बेहद सुनियोजित तरीके से लूट की पटकथा तैयार की थी।
पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द पूरे गिरोह को पकड़ने का दावा कर रही है।
