योगी मंत्रिमंडल का बड़ा विस्तार: संगठन से सरकार तक नए समीकरण, 8 मंत्रियों ने ली शपथ

0

भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडेय बने कैबिनेट मंत्री, अजीत पाल-सोमेंद्र तोमर को प्रमोशन

कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेते भूपेंद्र चौधरी

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में रविवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। राजभवन स्थित गांधी सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आठ नेताओं को मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेते मनोज पांडेय

2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने इस मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए जातीय, सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की स्पष्ट कोशिश की है। ओबीसी, दलित, सवर्ण और महिला प्रतिनिधित्व को जगह देकर पार्टी ने यह संकेत दिया है कि आगामी चुनाव में सामाजिक समीकरणों को मजबूती देना उसकी बड़ी रणनीति का हिस्सा रहेगा। संगठन और सरकार के बीच तालमेल मजबूत करने के साथ-साथ अलग-अलग क्षेत्रों के नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल कर भाजपा ने चुनावी संदेश देने का प्रयास किया है।

राज्य मंत्री के रूप में शपथ लेते कृष्णा पासवान

इस विस्तार में भाजपा संगठन और सामाजिक समीकरणों को साधने की स्पष्ट झलक दिखाई दी। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और ऊंचाहार विधायक मनोज कुमार पांडेय को कैबिनेट मंत्री बनाया गया, जबकि कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, कैलाश सिंह राजपूत और हंसराज विश्वकर्मा को राज्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिली।

राज्य मंत्री के रूप में शपथ लेते सुरेंद्र दिलेर

वहीं योगी सरकार में पहले से राज्यमंत्री रहे अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर को प्रमोशन देते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। शपथ के बाद सभी नवनियुक्त मंत्रियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का अभिनंदन किया।

राज्य मंत्री के रूप में शपथ लेते हंसराज विश्वकर्मा

संगठन और जातीय संतुलन पर फोकस

राज्य मंत्री के रूप में शपथ लेते कैलाश सिंह राजपूत

मंत्रिमंडल विस्तार को आगामी राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा ने इस विस्तार के जरिए पश्चिमी यूपी, बुंदेलखंड और ओबीसी-दलित वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी को कैबिनेट में शामिल कर संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय का संदेश भी दिया गया है।

महिला प्रतिनिधित्व के तौर पर कृष्णा पासवान को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। वहीं विधान परिषद और विधानसभा, दोनों सदनों से चेहरों को शामिल कर क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की गई है।

गांधी सभागार में गूंजे जयकारे

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान गांधी सभागार में “भारत माता की जय” और “जय श्रीराम” के जयकारे गूंजते रहे। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!