NEWS1UP
एजुकेशन डेस्क
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। करीब 18.5 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं का इंतजार अब खत्म हो गया है। छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइटों cbseresults.nic.in, cbse.gov.in, results.cbse.nic.in और results.digilocker.gov.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। इसके अलावा छात्र DigiLocker और UMANG ऐप के जरिए भी अपना डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं।

बोर्ड की ओर से 13 मई को रिजल्ट जारी किया गया है। पिछले साल भी इसी तारीख को परिणाम घोषित किए गए थे। रिजल्ट जारी होने के बाद डिजिलॉकर और उमंग ऐप पर CBSE 12वीं रिजल्ट का लिंक एक्टिव हो गया है, जहां छात्र अपने रोल नंबर और जरूरी विवरण दर्ज कर परिणाम देख सकते हैं।
इस वर्ष CBSE 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होकर 10 अप्रैल तक चली थीं। कॉपियों के मूल्यांकन के लिए बोर्ड ने पहली बार ऑनस्क्रीन मार्किंग सिस्टम का इस्तेमाल किया, जिसमें लैपटॉप और टैबलेट के माध्यम से उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की गई। इससे रिजल्ट जल्दी आने की उम्मीद जताई जा रही थी, हालांकि बोर्ड ने पिछले साल की तरह इस बार भी 13 मई को ही परिणाम जारी किया।
ऐसे करें रिजल्ट चेक
आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
CBSE Class 12 Result 2026 लिंक पर क्लिक करें
रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी दर्ज करें
सबमिट करते ही रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा
छात्र मार्कशीट डाउनलोड या प्रिंट भी कर सकते हैं
इस बार भी नहीं जारी होगी टॉपर्स लिस्ट
CBSE की ओर से इस साल भी टॉपर्स की सूची जारी नहीं की जाएगी। बोर्ड केवल रीजन वाइज रिजल्ट जारी करता है। हालांकि अलग-अलग स्कूल अपने स्तर पर टॉपर्स की जानकारी साझा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस बार भी 100 फीसदी अंक हासिल करने वाले छात्रों की संख्या अच्छी-खासी रह सकती है।