विकसित भारत से कृषि अनुसंधान तक: गाजियाबाद की बेटी कौशिकी शुक्ला ने फिर बढ़ाया शहर का मान
VBYLD में प्रदेश में टॉप करने वाली कौशिकी ने अब CBSE में भी दिखाई प्रतिभा, कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में देशसेवा का सपना
NEWS1UP
एजुकेशन डेस्क
गाजियाबाद। मेहनत, प्रतिभा और देश के प्रति समर्पण की मिसाल बन चुकीं उत्तम स्कूल फॉर गर्ल्स की छात्रा कौशिकी शुक्ला ने एक बार फिर गाजियाबाद का नाम रोशन किया है। सीबीएसई 12वीं के घोषित परिणाम में कौशिकी ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बायो-साइंस वर्ग में स्कूल टॉप किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से स्कूल परिवार के साथ-साथ उनकी सोसाइटी आशियाना ली रेजीडेंसी में भी खुशी और गर्व का माहौल है।

स्कूल के समग्र परिणाम में लावन्या सिंह ने 98.4 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि नित्य गुप्ता 97.6 प्रतिशत और याशा सैफी 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
कौशिकी शुक्ला पहले भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। उन्होंने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2025-26 में उत्तर प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त कर गाजियाबाद को गौरवान्वित किया था। अब सीबीएसई परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उनकी उपलब्धियों में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया है।
NEWS1UP से बातचीत में कौशिकी ने बताया कि- 
उनका सपना आगे चलकर एग्रीकल्चर रिसर्च के क्षेत्र में काम करने का है। उन्होंने कहा कि देश में कृषि और फसलों की बदलती तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए वह इस क्षेत्र में अपना योगदान देना चाहती हैं।
कम उम्र में ही देश और किसानों के भविष्य को लेकर उनकी सकारात्मक सोच ने उन्हें अन्य छात्रों से अलग पहचान दिलाई है। शिक्षा के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का यह भाव ही कौशिकी को एक प्रेरणादायक युवा प्रतिभा बनाता है।
कौशिकी की सफलता पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, परिजनों, और स्थानीय लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
