पांच साल से अटकी रजिस्ट्री पर कोर्ट का बड़ा हस्तक्षेप, राहत मिलने पर निवासियों ने मिठाई बांटकर जताई खुशी
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी के टावर O और N के फ्लैट खरीदारों को आखिरकार बड़ी राहत मिलती नजर आ रही है। पिछले लगभग पांच वर्षों से रजिस्ट्री का मामला ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और बिल्डर के बीच विवाद में फंसा हुआ था, जिसके चलते सैकड़ों परिवार परेशानी झेल रहे थे। अब इलाहाबाद उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद रजिस्ट्री की उम्मीद मजबूत हो गई है।
हाईकोर्ट पहुंची थी निवासी और नेफोमा की टीम
रजिस्ट्री में लगातार हो रही देरी से परेशान होकर सोसाइटी के निवासियों ने नेफोमा के मुख्य सलाहकार दीपक दूबे के नेतृत्व में उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्राधिकरण को 90 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए।
इस आदेश के बाद टावर O और N के निवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
बिल्डर की गलती का खामियाजा खरीदार क्यों भुगतें: दीपक दूबे
नेफोमा के मुख्य सलाहकार दीपक दूबे ने कहा कि-
नेफोमा के मुख्य सलाहकार दीपक दूबे
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में फ्लैट खरीदार लगातार परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि बिल्डर प्राधिकरण का भुगतान नहीं कर रहा तो उसका दंड घर खरीदारों को क्यों भुगतना पड़े।
उन्होंने कहा कि खरीदार बिल्डर को पूरा भुगतान कर चुके हैं, ऐसे में रजिस्ट्री रोकना पूरी तरह अनुचित है। यही वजह है कि लोगों को न्याय पाने के लिए कोर्ट का सहारा लेना पड़ रहा है।
कोर्ट ही अंतिम उम्मीद थी: निवासी
सोसाइटी निवासी आदित्य अग्रवाल ने बताया कि जिस दिन मामले की सुनवाई थी, उस दिन निवासियों ने अखंड ज्योत जलाई थी क्योंकि न्यायालय ही उनकी अंतिम उम्मीद बची थी।
उन्होंने कहा कि कोर्ट से सकारात्मक निर्देश मिलने के बाद अब लोगों को भरोसा है कि जल्द ही रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी होगी और वर्षों से चली आ रही समस्या समाप्त होगी।
कई सोसाइटियां झेल रहीं ऐसी समस्या : अन्नू खान
नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान ने कहा कि-
नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कई सोसाइटियां बिल्डर और प्राधिकरण के बीच खींचतान का खामियाजा भुगत रही हैं। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार ऐसे मामलों के स्थायी समाधान के लिए प्रयास कर रहा है ताकि खरीदारों को राहत मिल सके।
मिठाई बांटकर मनाई खुशी
न्यायालय से निर्देश मिलने के बाद अजनारा होम्स के निवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और जल्द रजिस्ट्री शुरू होने की उम्मीद जताई।
इस मौके पर सुबोध सिंह, आलोक कुमार, चितरंजन साहू, रूपम सिंह, धीरेन्द्र सिंह सहित कई निवासी मौजूद रहे।