समय बिताने के लिए करना है कुछ काम ! योगी कैबिनेट विस्तार पर अखिलेश यादव का तंज

0

NEWS1UP

पॉलिटिकल डेस्क

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में संभावित कैबिनेट विस्तार को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री की भूमिका पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार केवल “समय बिताने” की कवायद बनकर रह गया है।

अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि मंत्रिमंडल विस्तार में राज्य सरकार की कोई वास्तविक भूमिका नहीं होती। फैसले कहीं और से तय होते हैं और यहां केवल औपचारिक घोषणा की जाती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा शासन में मुख्यमंत्री का मतलब अब “कूरियर मैसेंजर” बनकर रह गया है।

सपा प्रमुख ने व्यंग्यात्मक अंदाज में जनता के सवाल का जिक्र करते हुए लिखा कि लोग पूछ रहे हैं कि “फिल्म” आगे बैठकर देखी जाएगी या पीछे बैठकर। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता चाहती है कि इस पूरी प्रक्रिया को ध्यान से देखा जाए, ताकि “कर्मफल-कंसफल” का सिद्धांत समझ में आ सके और शायद कुछ सकारात्मक बदलाव भी देखने को मिलें।

अपने पोस्ट में अखिलेश यादव ने राजनीति और नैतिकता के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति से ज्यादा उसका लालच और लोभ बुरा होता है, जो धीरे-धीरे गलत आचरण का रूप ले लेता है। उनके अनुसार बुराई इंसान को लगातार और अधिक नकारात्मक दिशा में ले जाती है।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जब कोई व्यक्ति स्वार्थ छोड़कर परमार्थ के रास्ते पर चलता है तो सकारात्मक परिवर्तन संभव होता है। उन्होंने महाकाव्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इंसान के भीतर मौजूद अच्छाइयां अंततः बुराइयों पर जीत हासिल कर सकती हैं।

अखिलेश यादव ने अपने संदेश के अंत में आत्ममंथन और प्रायश्चित की बात करते हुए कहा कि बदलाव के लिए किसी विशेष स्थान की जरूरत नहीं होती, बल्कि भीतर जागरूकता और प्रकाश होना चाहिए। उन्होंने अपने पोस्ट का समापन “तमसो मा ज्योतिर्गमय” के साथ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!