दिल्ली सरकार का बड़ा कदम: सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम, हर सोमवार को “मेट्रो मंडे”

0

अधिकारियों के पेट्रोल कोटे में भी 20 फीसदी कटौती

NEWS1UP

संवाददाता

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने राजधानी में ईंधन बचत और ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर कई अहम फैसलों की घोषणा की है। इसके तहत “मेरा भारत, मेरा योगदान” अभियान शुरू किया जा रहा है, जिसमें लोगों से सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” मनाने की अपील की गई है। साथ ही हर सोमवार को “मेट्रो मंडे” के रूप में मनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था लागू की जाएगी। वहीं, निजी क्षेत्र की कंपनियों के लिए भी इसी तरह की एडवाइजरी जारी करने की तैयारी की जा रही है।

सरकार ने सरकारी वाहनों के उपयोग पर भी नियंत्रण लगाने का फैसला लिया है। अधिकारियों को मिलने वाले मासिक पेट्रोल कोटे में 20 प्रतिशत की कटौती की गई है। पहले जहां अधिकारियों को प्रतिमाह 200 लीटर पेट्रोल उपलब्ध कराया जाता था, अब उसमें कमी की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर सोमवार को मंत्री, अधिकारी और सरकारी कर्मचारी मेट्रो से सफर करेंगे, ताकि आम लोगों को भी सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।

ट्रैफिक जाम कम करने के लिए बदले गए दफ्तरों के समय

दिल्ली में पीक ऑवर के दौरान लगने वाले जाम को देखते हुए विभिन्न सरकारी कार्यालयों के समय में भी बदलाव किया गया है। दिल्ली सरकार के दफ्तर अब सुबह 10:30 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित होंगे, जबकि एमसीडी कार्यालयों का समय सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा दिल्ली सरकार ने अगले छह महीनों तक कोई नया वाहन नहीं खरीदने का निर्णय भी लिया है। मुख्यमंत्री ने राजधानीवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि हर नागरिक सप्ताह में एक दिन निजी वाहन का उपयोग बंद कर दे, तो इससे ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण और ट्रैफिक दबाव में भी कमी लाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!