गुलमोहर एन्क्लेव AOA अध्यक्ष विजेंद्र गिरी ने दिया इस्तीफा, सोसायटी में विवादों के बीच बढ़ी हलचल

0

फायर केस, अंदरूनी खींचतान और पुलिस हस्तक्षेप के बीच अध्यक्ष ने छोड़ा पद

सोसाइटी पर लिफ्ट रजिस्ट्रेशन और स्विमिंग पूल की NOC भी नहीं होने के आरोप

NEWS1UP

एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क

गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी में उस समय हलचल मच गई जब एओए अध्यक्ष विजेंद्र गिरी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। डिप्टी रजिस्ट्रार को भेजे गए त्यागपत्र में उन्होंने पारिवारिक व्यस्तता को इस्तीफे का कारण बताया है।

अपना त्याग पत्र लिखते एओए अध्यक्ष विजेंद्र गिरी

हालांकि, सोसायटी सूत्रों के अनुसार इस्तीफे के पीछे अंदरूनी विवाद और लगातार बढ़ रहा तनाव मुख्य वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से सोसायटी में कई मुद्दों को लेकर विवाद गहराया हुआ था।

जानकारी के अनुसार अग्निशमन विभाग ने सोसायटी की फायर सेफ्टी व्यवस्था ध्वस्त पाए जाने के मामले में बिल्डर, एओए अध्यक्ष और सचिव के खिलाफ न्यायालय में परिवाद भी दायर कर दिया है। विभाग की ओर से फायर सुरक्षा मानकों में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया गया है।। वहीं सोसायटी पर लिफ्टों के रजिस्ट्रेशन नहीं होने और स्विमिंग पूल के लिए आवश्यक एनओसी न होने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। इन मामलों को लेकर निवासियों के बीच चिंता बढ़ी हुई बताई जा रही है।

इसके अलावा दो दिन पूर्व एओए सचिव पर लिफ्ट और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कुछ दस्तावेज चस्पा कराने के आरोप लगे थे। इसको लेकर सोसायटी में विवाद की स्थिति बन गई थी और निवासियों को भड़काने के आरोप भी लगाए गए। मामला बढ़ने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप करना पड़ा और लगाए गए दस्तावेज हटवाए गए।

सोसायटी में लगातार बढ़ रहे कानूनी विवाद, आरोप-प्रत्यारोप और अंदरूनी टकराव के बीच अध्यक्ष विजेंद्र गिरी का इस्तीफा कई सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल सोसायटी के निवासियों के बीच इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!