24 मीटर की जगह 6 मीटर सड़क ! हम तुम रोड पर भड़के निवासी
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की बहुचर्चित हम तुम रोड को लेकर आखिरकार बड़ा प्रशासनिक अपडेट सामने आया है। बुधवार से सड़क निर्माण कार्य शुरू किए जाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। यह जानकारी जीडीए के मुख्य अभियंता आलोक रंजन ने दी। इससे पहले पूर्व पार्षद ललित शर्मा के नेतृत्व में हम तुम रोड वेलफेयर एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने जीडीए उपाध्यक्ष से मुलाकात कर सड़क की स्थिति और निर्माण योजना पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने सड़क निर्माण के अभाव में होने वाली समस्याओं और दुर्घटनाओं से वीसी को अवगत कराया।
मुख्य अभियंता आलोक रंजन ने बताया कि फिलहाल सड़क केवल 6 मीटर चौड़ी बनाई जाएगी। जब उनसे पूछा गया कि टेंडर तो 24 मीटर चौड़ी सड़क के लिए जारी किया गया था, तब उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में अभी 6 मीटर सड़क पर ही कार्य शुरू होगा और निर्माण लागत भी उसी के अनुसार तय होगी।

सूत्रों के मुताबिक, जीडीए उपाध्यक्ष जल्द ही मौके का निरीक्षण भी कर सकते हैं। वहीं सड़क की चौड़ाई को लेकर इलाके में चर्चाओं और अटकलों का दौर तेज हो गया है।
स्थानीय निवासियों ने 6 मीटर चौड़ी सड़क पर कड़ी आपत्ति जताई है। लोगों का कहना है कि राजनगर एक्सटेंशन की लगातार बढ़ती आबादी और भारी ट्रैफिक दबाव को देखते हुए इतनी संकरी सड़क भविष्य में बड़ी समस्या बन सकती है। निवासियों के अनुसार इस मार्ग पर डंपर, कंटेनर और अन्य भारी वाहन लगातार चलते हैं, ऐसे में 6 मीटर चौड़ी सड़क दुर्घटनाओं के खतरे को कम करने के बजाय बढ़ा सकती है।
लोगों ने साफ कहा कि उन्हें 6 मीटर चौड़ी सड़क स्वीकार नहीं है और जीडीए को मूल योजना के अनुसार 24 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कराना चाहिए। जीडीए अधिकारियों से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में निलाया ग्रीन, मोती रेजीडेंसी, महक जीवन समेत आसपास की कई सोसायटियों के निवासी शामिल रहे।
