NEET-UG 2026 दोबारा होगा, केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: परीक्षा रद्द, CBI करेगी जांच

0

परीक्षा में गड़बड़ियों के आरोपों के बीच केंद्र सरकार का बड़ा कदम, दोबारा आवेदन नहीं करना होगा

पुरानी फीस लौटाने का भी ऐलान

NEWS1UP

संवाददाता

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने बड़ा फैसला लिया है। 3 मई 2026 को आयोजित हुई परीक्षा को निरस्त करते हुए इसे दोबारा कराने का निर्णय लिया गया है। परीक्षा से जुड़े आरोपों और अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है।

सरकार की मंजूरी के बाद NTA ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। पहले से किया गया रजिस्ट्रेशन ही मान्य रहेगा और अभ्यर्थियों से किसी प्रकार की अतिरिक्त परीक्षा फीस भी नहीं ली जाएगी।

NTA के अनुसार, NEET-UG देशभर में MBBS, BDS, BAMS, BHMS समेत विभिन्न मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली अनिवार्य राष्ट्रीय परीक्षा है। इस वर्ष परीक्षा में करीब 22.79 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा का आयोजन भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में बनाए गए 5,432 केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 6 हजार से अधिक ऑब्जर्वर, 674 सिटी कोऑर्डिनेटर और करीब दो लाख कर्मचारियों की तैनाती की गई थी।

सरकार ने कहा है कि परीक्षा की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी वजह से पुनर्परीक्षा का फैसला लिया गया, ताकि छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कायम रह सके। एजेंसी ने माना कि दोबारा परीक्षा कराने से अभ्यर्थियों को परेशानी होगी, लेकिन निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम जरूरी था।

NTA ने यह भी साफ किया है कि मई 2026 परीक्षा चक्र का पूरा डेटा सुरक्षित रखा जाएगा और वही पुनर्परीक्षा में उपयोग होगा। छात्रों को नए सिरे से फॉर्म भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पहले जमा की गई परीक्षा फीस वापस की जाएगी और नई परीक्षा एजेंसी अपने आंतरिक संसाधनों से आयोजित करेगी।

पुनर्परीक्षा की नई तारीख, एडमिट कार्ड जारी होने की प्रक्रिया और अन्य दिशा-निर्देश जल्द ही NTA के आधिकारिक माध्यमों से जारी किए जाएंगे। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से बचें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!