गाजियाबाद। राष्ट्रीय लोक दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद के. सी. त्यागी का रविवार सुबह मोरटा गेट पर स्थानीय नागरिकों और विभिन्न सोसाइटी के प्रतिनिधियों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और फूलमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
हम तुम रोड वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों सहित मोरटा क्षेत्र की सातों सोसाइटी के लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत समारोह आयोजित किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने पूर्व सांसद से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र से जुड़े जनहित के विभिन्न मुद्दों, विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
अपने वरिष्ठ नेता के स्वागत के लिए इंतज़ार में खड़े रालोद कार्यकर्ता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए के.सी. त्यागी ने कहा कि दिल्ली से लेकर लखनऊ तक हम तुम रोड और मोरटा क्षेत्र की चर्चा हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के निवासियों और किसानों के साझा हितों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर महक जीवन सोसाइटी से मुरारी लाल शर्मा, मितेश मल्होत्रा, सविता चौधरी और राजेंद्र चौधरी उपस्थित रहे। निलाया ग्रीन सोसाइटी से सुमन, दीपक त्यागी और अरुण शर्मा ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। वहीं मोती रेजीडेंसी से अनिल शर्मा तथा संचार आर्केड से रक्षित मौजूद रहे। इसके अलावा मोरटा गांव से प्रवीण गुर्जर और अंकुर त्यागी की भी विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का वातावरण सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण रहा। क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर सामाजिक समरसता और जनसहभागिता का परिचय दिया। अंत में के.सी. त्यागी ने स्वागत एवं सम्मान के लिए सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी क्षेत्रवासियों के साथ लगातार जुड़े रहने का भरोसा दिलाया।