पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, 10 दिनों में तीसरी बार बढ़े दाम
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट संकट और कच्चे तेल की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच देश में पेट्रोल-डीजल के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। बढ़ी हुई कीमतें आज सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं।
नई दरों के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। बीते 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब ईंधन की कीमतों में इजाफा किया गया है।

मई में लगातार बढ़े दाम
इससे पहले 16 मई को चार साल बाद पेट्रोल और डीजल के दामों में बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। उस दिन दोनों ईंधनों की कीमत में 3-3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ था। इसके बाद 19 मई को भी पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा किया गया। अब ताजा बढ़ोतरी के साथ पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल-डीजल करीब 5 रुपये प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं।
मिडिल ईस्ट संकट बना बड़ी वजह
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण तेल कंपनियों पर दबाव लगातार बढ़ रहा है। सरकारी तेल कंपनियां लंबे समय तक घरेलू कीमतों को स्थिर रखे हुए थीं, लेकिन अब बढ़ते घाटे के चलते कीमतों में इजाफा करना पड़ रहा है।
आम आदमी पर बढ़ेगी महंगाई की मार
ईंधन की कीमतें बढ़ने का सीधा असर माल ढुलाई और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर पड़ने की आशंका है। परिवहन खर्च बढ़ने से खाद्य पदार्थों समेत कई जरूरी सामान महंगे हो सकते हैं।
सरकार का कहना है कि हालिया बढ़ोतरी से तेल कंपनियों के नुकसान में कुछ राहत मिलेगी, लेकिन यदि अंतरराष्ट्रीय हालात नहीं सुधरे तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के दामों में और उछाल देखने को मिल सकता है।
