आर्क एंजल्स सोसाइटी ने पेश की नई मिसाल, बिना आरोप-प्रत्यारोप और विवाद के संपन्न हुए एओए चुनाव

0

मुनीश शर्मा चुने गए अध्यक्ष, सुमित शर्मा को सौंपी गई सचिव पद की जिम्मेदारी

NEWS1UP

एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित आर्क एंजल्स सोसाइटी में 23 मई को संपन्न हुए एओए चुनाव केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं रहे, बल्कि उन्होंने मौजूदा सोसाइटी संस्कृति के बीच एक सकारात्मक उदाहरण भी पेश किया। ऐसे समय में जब अधिकांश सोसाइटियों में एओए चुनाव आरोप-प्रत्यारोप, सोशल मीडिया वार, गुटबाजी और आपसी टकराव का कारण बनते जा रहे हैं, वहीं आर्क एंजल्स सोसाइटी ने शांतिपूर्ण और निर्विरोध चुनाव कराकर नई दिशा दिखाई है।

बिना विवाद के पूरी हुई चुनाव प्रक्रिया

प्रशासन द्वारा नामित निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में हुए इस चुनाव में कुल 10 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। खास बात यह रही कि पूरी प्रक्रिया के दौरान कहीं भी विवाद, विरोध या कटुता का माहौल देखने को नहीं मिला।

सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि यह चुनाव आपसी समझ, संवाद और सामूहिक हितों को प्राथमिकता देने का परिणाम रहा। यही वजह है कि अब इस चुनाव की चर्चा अन्य सोसाइटियों में भी सकारात्मक उदाहरण के रूप में होने लगी है।

18 महीने से कालातीत था पुराना एओए बोर्ड

उल्लेखनीय है कि सोसाइटी का पुराना एओए बोर्ड पिछले करीब 18 महीनों से कालातीत चला आ रहा था। मामले का संज्ञान लेते हुए 2 अप्रैल को डिप्टी रजिस्ट्रार ने चुनाव कराने के लिए नामित चुनाव अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी थी।

इसके बाद 29 अप्रैल को चुनाव अधिकारी ने पुराने एओए बोर्ड को पत्र जारी कर मतदाता सूची सहित सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासनिक प्रक्रिया के दौरान सभी पक्षों द्वारा दिखाए गए सहयोग और संयम ने चुनाव को सहज और सम्मानजनक बनाए रखा।

पहली बैठक में चुने गए पदाधिकारी

निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों ने घोषणा के बाद अपनी पहली बोर्ड बैठक आयोजित की। बैठक में मुनीश शर्मा को अध्यक्ष, पुनिता देवी को उपाध्यक्ष, सुमित शर्मा को सचिव, उदयवीर सिंह को कोषाध्यक्ष और ममता को संयुक्त सचिव चुना गया।

वहीं निहाल सिंह, रणवीर सिंह, शीतल शर्मा और विजय सिंह बिष्ट को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।

सोसाइटी के सक्रिय निवासी नवीन चौहान ने कहा-

नवीन चौहान

“सोसाइटी में चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं, लेकिन इन्हें व्यक्तिगत लड़ाई या प्रतिष्ठा का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। हमारी सोसाइटी में सभी लोगों ने परिपक्वता दिखाते हुए सामूहिक हित को प्राथमिकता दी, जिसकी वजह से निर्विरोध चुनाव संभव हो सके। उम्मीद है कि नई टीम पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन के साथ कार्य करेगी।”

बदल रहा है एओए चुनावों को लेकर नजरिया

आज के दौर में कई सोसाइटियों में एओए चुनाव व्यक्तिगत संघर्ष और शक्ति प्रदर्शन का माध्यम बनते जा रहे हैं। ऐसे माहौल में आर्क एंजल्स सोसाइटी के चुनाव ने यह सन्देश दिया है कि यदि निवासी और उम्मीदवार सामूहिक हित को प्राथमिकता दें, तो चुनाव भी सौहार्द और लोकतांत्रिक मर्यादा का उदाहरण बन सकते हैं।

निवासियों का मानना है कि इस तरह के सकारात्मक चुनाव न केवल सोसाइटी का माहौल बेहतर बनाते हैं, बल्कि प्रशासन का नजरिया भी बदलते हैं। शांतिपूर्ण और सहयोगात्मक चुनाव यह साबित करते हैं कि अपार्टमेंट संस्कृति में संवाद, सहमति और सहभागिता ही सबसे बड़ी ताकत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!