आसमान छूने को तैयार जेवर! योगी आदित्यनाथ ने किया नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निरीक्षण, जल्द बजेगा उद्घाटन का शंखनाद

0

यूपी बनेगा ‘एविएशन हब’ का नया केंद्र 

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गौतमबुद्ध नगर जिले में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। यह वही महत्वाकांक्षी परियोजना है जो उत्तर भारत के एयविएशन मानचित्र को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाली है।

मुख्यमंत्री ने हवाईअड्डे के पहले चरण के प्रगति कार्यों का जायजा लेने के बाद अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में परियोजना की वर्तमान स्थिति, अंतिम तैयारियों और उद्घाटन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमैन और सीओओ किरण जैन ने मुख्यमंत्री को प्रोजेक्ट की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट सौंपी।

मुख्यमंत्री के साथ गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, स्थानीय विधायक धीरेंद्र सिंह और तेजपाल नगर, जिलाधिकारी मेधा रूपम, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश सिंह, नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम और प्रोजेक्ट नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया मौजूद रहे।

देश का सबसे विशाल एयरपोर्ट बनेगा जेवर

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर तैयार किया जा रहा है। इसे यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटे द्वारा विकसित किया जा रहा है, जो स्विट्ज़रलैंड की ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है।

पहले चरण में लगभग 1,300 हेक्टेयर क्षेत्र में एक रनवे और एक आधुनिक टर्मिनल बिल्डिंग तैयार की जा रही है। परियोजना के चारों चरण पूरे होने के बाद यह एयरपोर्ट करीब 5,000 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला होगा, जिससे यह देश का सबसे बड़ा हवाईअड्डा बन जाएगा।

दिसंबर से उड़ान भरेंगे यात्री विमान

हालांकि उद्घाटन की संभावित तारीख 30 अक्टूबर बताई गई थी, लेकिन अब नई तारीख को लेकर औपचारिक घोषणा शेष है। मुख्यमंत्री योगी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि दिसंबर 2025 से यात्री उड़ानें इस हवाईअड्डे से शुरू कर दी जाएंगी।

उत्तर भारत को नई उड़ान, नई पहचान

जेवर एयरपोर्ट सिर्फ एक हवाई अड्डा नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के विकास का प्रतीक बनने जा रहा है। इसके शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, बुलंदशहर और मेरठ जैसे क्षेत्रों को सीधा अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क मिलेगा। इससे रोज़गार, निवेश और पर्यटन के नए द्वार खुलेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निरीक्षण के दौरान कहा-

“नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश की प्रगति का नया द्वार बनेगा। यह सिर्फ एयरपोर्ट नहीं, बल्कि ‘नए भारत के नए उत्तर प्रदेश’ की उड़ान का प्रतीक है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!