गाजियाबाद में आग ही आग : एक ही दिन में दो बड़े अग्निकांड, शहर में मचा हड़कंप
कविनगर की फैक्ट्री से लेकर वसुंधरा की झुग्गियों तक धधकी आग, धुएं के गुबार से दहला शहर
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में लगातार बढ़ रही आगजनी की घटनाओं के बीच सोमवार को भी दो बड़े अग्निकांडों ने लोगों में दहशत फैला दी। ताजा मामला दिल्ली-मेरठ रोड स्थित कविनगर औद्योगिक क्षेत्र का है, जहां एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में इलेक्ट्रिकल उपकरण, पंखे और कूलर आदि बनाए जाते हैं। कंपनी का नाम “एलन” बताया जा रहा है।

आग इतनी भयावह थी कि फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। दिल्ली-मेरठ रोड से गुजर रहे वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़े और हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते पूरा आसमान धुएं से ढक गया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया गया। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया बताया जा रहा है।

इसी दिन दोपहर में वसुंधरा क्षेत्र की झुग्गियों में भी भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने तेजी से कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक कई झुग्गियां जलकर राख हो चुकी थीं।
लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं ने शहर की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्रों और घनी आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा मानकों की नियमित जांच बेहद जरूरी है, वरना कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

