खोडा हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में ढेर
50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ, अस्पताल में हुई मौत
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गाजियाबाद। खोडा क्षेत्र के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी और 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश असद पुलिस मुठभेड़ के बाद ढेर हो गया। पुलिस के अनुसार वांछित आरोपी असद ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद से था फरार
गौरतलब है कि 28 मई को खोडा थाना क्षेत्र में सूर्या चौहान पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल सूर्या की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए पांच लोगों को नामजद किया गया था। पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी असद फरार चल रहा था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने असद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी।
फरारी की तैयारी में था आरोपी
पुलिस को सूचना मिली थी कि असद अपने कुछ साथियों से मिलने खोडा क्षेत्र में आने वाला है। बताया जा रहा है कि वह आर्थिक सहायता लेकर क्षेत्र से बाहर भागने की योजना बना रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग और कॉम्बिंग अभियान शुरू कर दिया।
वसुंधरा में हुई मुठभेड़
चेकिंग के दौरान वसुंधरा इलाके में बाइक सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें असद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
मुठभेड़ के दौरान खोडा थाने का एक कांस्टेबल भी घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं असद का एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है।
देशी पिस्टल और बाइक बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल और बाइक बरामद की है। फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि असद के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है। सूर्या चौहान हत्याकांड में उसकी भूमिका और अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों से जुड़े तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।
