गाजियाबाद के डिप्टी रजिस्ट्रार वैभव कुमार का तबादला, निखलेश राजन बने नए डिप्टी रजिस्ट्रार

0

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। रजिस्ट्रार,फर्म्स सोसाइटीज एवं चिट्स विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए गाजियाबाद के डिप्टी रजिस्ट्रार वैभव कुमार का स्थानांतरण कर दिया गया है। उनके स्थान पर निखलेश राजन को नया डिप्टी रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है। निखलेश राजन इससे पहले अलीगढ़ में वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) के पद पर कार्यरत थे।

गौरतलब है कि वैभव कुमार के पास गाजियाबाद के साथ-साथ गौतमबुद्ध नगर जिले का भी अतिरिक्त प्रभार था। दोनों जिले प्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण और हाई प्रोफाइल जिलों में गिने जाते हैं, जहां बड़ी संख्या में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) तथा हाईराइज सोसाइटियों से जुड़े मामलों का निस्तारण किया जाता है।

सूत्रों के अनुसार, वैभव कुमार ने स्वयं ही अपने स्थानांतरण की इच्छा व्यक्त की थी, जिसके बाद यह प्रशासनिक निर्णय लिया गया। हालांकि विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है।

जानकारों का कहना है कि गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में सोसाइटी प्रबंधन, एसोसिएशन पंजीकरण, चुनावी विवाद, हैंडओवर और निवासियों से जुड़े मामलों की अधिकता के कारण डिप्टी रजिस्ट्रार के पद पर कार्य का दबाव काफी रहता है। ऐसे में नए डिप्टी रजिस्ट्रार निखलेश राजन के सामने भी दोनों जिलों में लंबित मामलों के निस्तारण और संस्थागत व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने की बड़ी चुनौती होगी।

विभागीय हलकों में इस तबादले को लेकर चर्चा तेज है और विभिन्न RWA व अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन की निगाहें अब नए डिप्टी रजिस्ट्रार की कार्यशैली पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!