हम-तुम रोड और जलभराव पर फूटा लोगों का गुस्सा, GDA उपाध्यक्ष को सौंपे गए दो ज्ञापन
एक तरफ बदहाल हम-तुम रोड, दूसरी तरफ गंदे पानी का कहर, हजारों लोगों की परेशानी पहुंची प्रशासन के दरबार तक
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर सोमवार को किसानों और विभिन्न सोसाइटियों के प्रतिनिधियों ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) और नगर निगम के अधिकारियों से मुलाकात कर त्वरित समाधान की मांग की। सड़क निर्माण में देरी, जलभराव और नाले की सफाई जैसे मुद्दों को लेकर प्रशासन पर दबाव बढ़ता दिखाई दे रहा है।

हम-तुम रोड वेलफेयर एसोसिएशन ने GDA उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल को ज्ञापन सौंपते हुए हम-तुम रोड के निर्माण कार्य में हो रही देरी, सड़क पर बने गहरे गड्ढों, धूल प्रदूषण और भारी जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया। एसोसिएशन ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य 23 अप्रैल 2026 को राज श्यामा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया था, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है। साथ ही किसानों के लंबित मुआवजे का भुगतान भी नहीं हुआ है।
इसी दौरान किसान नेता विनीत त्यागी और अंकुर त्यागी के नेतृत्व में मोरटा गांव के निवासियों ने भी GDA उपाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर गंभीर जलभराव की समस्या उठाई। ग्रामीणों का आरोप है कि हम-तुम रोड पर स्थित विभिन्न आवासीय सोसाइटियों का गंदा पानी बिल्डरों द्वारा गांव के नाले में छोड़ा जा रहा है, जिसके कारण नाला ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर लगातार भरे गंदे पानी के कारण बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है। राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी आवागमन जोखिम भरा बन चुका है। गंदे पानी के लंबे समय तक जमा रहने से मच्छरों और संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ रहा है, जिससे क्षेत्र में महामारी फैलने की आशंका भी पैदा हो गई है।
सीडीओ और नगर आयुक्त के सामने भी उठाया गया मुद्दा

जानकारी के अनुसार, नाले की सफाई और जलनिकासी की समस्या को लेकर दोनों पक्षों के प्रतिनिधि बाद में मुख्य विकास अधिकारी और नगर आयुक्त कार्यालय भी पहुंचे और CDO तथा नगरायुक्त से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि नाले की नियमित सफाई न होने के कारण जलभराव की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है।
नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए बताया कि नाले की सफाई के लिए ठेका जारी किया जा चुका है और जल्द ही सफाई कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
उपाध्यक्ष कलाल ने दिया शीघ्र समाधान का भरोसा
GDA उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने दोनों ज्ञापनों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक कलाल हाल ही में स्वयं क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेकर लौटे हैं। उन्होंने सड़क निर्माण, मुआवजा भुगतान और जलनिकासी से जुड़े मामलों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया है।
