सूर्या हत्याकांड में बड़ा फैसला: परिवार को मिलेगा शस्त्र लाइसेंस, घर पर तैनात होगी पुलिस सुरक्षा

0

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर दिए तत्काल निर्देश

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। बहुचर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में गुरुवार को एक बड़ा और महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर न केवल उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया, बल्कि परिवार की सुरक्षा को लेकर मौके से ही प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश भी जारी कर दिए।

जानकारी के अनुसार, मंत्री नरेंद्र कश्यप ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आशंकाओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान सूर्या चौहान की माता ने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और भविष्य में किसी अनहोनी की आशंका व्यक्त की। मामला सुनते ही मंत्री ने तत्काल जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त से फोन पर वार्ता कर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

परिवार को मिलेगा शस्त्र लाइसेंस, घर पर तैनात होंगे सुरक्षाकर्मी

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। साथ ही पुलिस आयुक्त को आदेश दिया कि परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनके घर पर पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

मंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

दिवंगत सूर्या चौहान को श्रद्धांजलि देते मंत्री नरेंद्र कश्यप

यह योगी सरकार है, अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सूर्या चौहान की दिनदहाड़े की गई निर्मम हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होना आवश्यक है।

उन्होंने खोड़ा क्षेत्र में चल रहे पुलिस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

बकरीद के दिन हुई थी सनसनीखेज हत्या

गौरतलब है कि बकरीद के दिन खोड़ा क्षेत्र में सूर्या चौहान की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में जबरदस्त आक्रोश फैल गया था। स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने घटना के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की थी।

लगातार पहुंच रहे मंत्री, सांसद और विधायक

सूर्या हत्याकांड अब प्रदेश स्तर का चर्चित मामला बन चुका है। घटना के बाद से कई मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मुलाकात कर चुके हैं। वहीं सामाजिक एवं हिंदूवादी संगठन भी लगातार परिवार के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं और न्याय की मांग को लेकर सक्रिय हैं।

पूरे प्रदेश की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर

सूर्या चौहान हत्याकांड अब केवल एक हत्या का मामला नहीं रह गया है, बल्कि प्रदेश की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा बड़ा मुद्दा बन चुका है। राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों की सक्रियता के बीच अब पूरे प्रदेश की नजर पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

प्रदेश सरकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि दोषियों को किसी भी प्रकार की राहत नहीं मिलेगी और पीड़ित परिवार की सुरक्षा एवं न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!