दो चुनाव, एक संदेश: गाजियाबाद की सोसाइटियों में जवाबदेही पर मुहर
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की दो चर्चित रिहायशी सोसाइटियों गौर कैस्केड्स और ऑफिसर सिटी-2 के एओए चुनाव परिणाम रविवार देर रात सामने आए तो तस्वीर साफ थी, यह सिर्फ चुनावी जीत नहीं, बल्कि निवासियों के मूड का साफ संकेत था। दोनों सोसाइटियों में मतदाताओं ने एकतरफा फैसला सुनाते हुए विपक्ष को पूरी तरह नकार दिया। गौर कैस्केड्स में टीम संकल्प और ऑफिसर सिटी-2 में टीम अटल ने सभी 10 सीटों पर कब्जा जमाकर क्लीन स्वीप कर दिया। विपक्षी टीमें खाता तक नहीं खोल सकीं।
इन नतीजों ने यह साबित कर दिया कि अब रिहायशी सोसाइटियों का मतदाता सिर्फ वादों से नहीं, बल्कि काम, अनुशासन और पारदर्शिता के आधार पर फैसला करता है।
गौर कैस्केड्स: 10 साल में पहली बार बना इतिहास

गौर कैस्केड्स के चुनाव परिणाम कई मायनों में ऐतिहासिक रहे। सोसाइटी के दस साल के चुनावी इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ जब एक ही पैनल के सभी प्रत्याशी विजयी हुए।
यह जीत सिर्फ टीम संकल्प की नहीं, बल्कि उस सोच की जीत मानी जा रही है जिसमें निवासी सोसाइटी में शांति, नियम व्यवस्था, ईमानदारी और विकास चाहते हैं। पिछले वर्ष चुनावी मुकाबला बेहद करीबी रहा था और दोनों पक्षों के बीच खींचतान सालभर चर्चा में रही। वित्तीय पारदर्शिता, नियमों की व्याख्या और प्रबंधन को लेकर आरोप-प्रत्यारोप चलते रहे, जिसका असर सोसाइटी के माहौल पर भी पड़ा।
निवासियों का मानना है कि जब नियम-कानून मजाक बन जाएं, तो अनुशासन टूटता है और सोसाइटी की छवि भी खराब होती है। इस बार वोटरों ने उसी असंतोष का जवाब बैलेट से दिया।
ऑफिसर सिटी-2: बिल्डर हैंडओवर से पहले बड़ा भरोसा

ऑफिसर सिटी-2 का चुनाव परिणाम भी कम अहम नहीं माना जा रहा। यहां सोसाइटी अभी बिल्डर से पूरी तरह हैंडओवर नहीं हुई है। ऐसे में चुनाव को भविष्य की दिशा तय करने वाला माना जा रहा था।
निवासियों ने टीम अटल पर भरोसा जताते हुए सभी सीटें सौंप दीं। बताया जाता है कि टीम अटल ने बीते समय में रेसिडेंट्स के साथ मिलकर बिल्डर से जुड़े कई मुद्दों पर संघर्ष किया और कुछ ऐसे काम भी कराए जिनकी चर्चा एनसीआर की दूसरी सोसाइटियों में भी हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगह बिल्डर आधा-अधूरा हैंडओवर देकर जिम्मेदारी से निकल जाता है, जिसका खामियाजा बाद में निवासियों को भुगतना पड़ता है। ऐसे में यहां वोटरों ने स्पष्ट संदेश दिया कि वे मजबूत और सजग नेतृत्व चाहते हैं।
चुनाव परिणामों ने दिया बड़ा संदेश
दोनों सोसाइटियों के नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब रिहायशी सोसाइटी संस्कृति बदल रही है। निवासी अब गुटबाजी, विवाद और शोर-शराबे से आगे बढ़कर स्थिरता, जवाबदेही और ईमानदार प्रबंधन को प्राथमिकता दे रहे हैं।
