सैकड़ों घर जले, मगर इंसानियत की लौ बुझने नहीं दी लोगों ने

NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गाजियाबाद। इंदिरापुरम क्षेत्र की कनावनी झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग ने सैकड़ों परिवारों की जिंदगी को पलभर में बदल दिया। देखते ही देखते मेहनतकश लोगों के छोटे-छोटे आशियाने आग की लपटों में समा गए। किसी का घर जला, किसी की जमा-पूंजी, तो किसी के बच्चों की किताबें और कपड़े राख हो गए। लेकिन इस दर्दनाक हादसे के बीच राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

आग बुझने के बाद जब लोग अपनी जली हुई झोपड़ियों के सामने खड़े थे, उनकी आंखों में आंसू थे और दिल में अनगिनत सवाल। वर्षों की मेहनत से जो थोड़ा-बहुत सामान जोड़ा था, वह सब कुछ कुछ ही मिनटों में खत्म हो गया। बच्चों के चेहरे सहमे हुए थे, महिलाएं अपने टूटे सपनों को समेटने की कोशिश कर रही थीं, और बुजुर्ग खामोशी से सब कुछ देख रहे थे।

ऐसे कठिन समय में जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए राहत कार्य तुरंत शुरू किया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के अनुसार करीब 1000 लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था कराई गई है और राहत कार्य लगातार जारी है। प्रभावित परिवारों के लिए आर्य पब्लिक स्कूल में अस्थायी राहत शिविर बनाया गया है, जहां रहने और खाने की पूरी सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
प्रशासन ने यह भी घोषणा की है कि हर प्रभावित परिवार को 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, ताकि लोग अपने जीवन को दोबारा पटरी पर ला सकें। इलाके में पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है तथा कानून-व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

लेकिन इस त्रासदी की सबसे भावुक तस्वीर इंसानियत की रही। जैसे ही हादसे की खबर फैली, सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोग और आसपास की सोसायटियों के निवासी मदद के लिए आगे आ गए। किसी ने बच्चों के लिए कपड़े पहुंचाए, किसी ने दूध और बिस्कुट, तो किसी ने खाने-पीने का सामान उपलब्ध कराया। कई लोग चुपचाप राहत शिविर पहुंचकर जरूरतमंदों के हाथ में मदद रखकर लौट गए।
यह दृश्य बता गया कि मुश्किल घड़ी में समाज अभी भी जिंदा है, संवेदनाएं अभी भी बाकी हैं, और इंसानियत आज भी सबसे बड़ी ताकत है।
कनावनी की यह आग भले ही कई घरों को जला गई हो, लेकिन लोगों के हौसले को नहीं जला सकी। राख से उठती उम्मीद की यह कहानी बताती है कि जब प्रशासन और समाज साथ खड़े हों, तो हर दर्द थोड़ा हल्का हो जाता है।