राष्ट्रीय कैंसर सर्वाइवर्स डे पर जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन

0

सर्वोदय हॉस्पिटल और द अशोक फाउंडेशन के बीच एमओयू, कैंसर मरीजों को मिलेगा निःशुल्क प्रथम परामर्श

NEWS1UP

संवाददाता

ग्रेटर नोएडा वेस्ट। राष्ट्रीय कैंसर सर्वाइवर्स डे के अवसर पर द अशोक फाउंडेशन एवं सर्वोदय हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में कैंसर जागरूकता, रोकथाम एवं कैंसर सर्वाइवर्स के सम्मान को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन सर्वोदय हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर से जंग जीत चुके लोगों के साहस, संघर्ष और जिजीविषा को सम्मानित करना तथा समाज में इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम में पटना से आए कैंसर सर्वाइवर डॉ. सुधीर सिन्हा सहित कई सर्वाइवर्स के परिजनों ने अपने अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने बताया कि सकारात्मक सोच, परिवार का सहयोग और समय पर उपचार के माध्यम से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का भी सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है। उनके अनुभवों ने उपस्थित लोगों को जीवन के प्रति आशावादी दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर वरिष्ठ कैंसर विशेषज्ञ डॉ. सुगंधा आर्या ने कैंसर की रोकथाम, समय पर जांच, प्रारंभिक पहचान तथा आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई में जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य जांच की महत्वपूर्ण भूमिका है। समय रहते रोग की पहचान होने पर उपचार की सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

द अशोक फाउंडेशन के संस्थापक अनुरंजन श्रीवास्तव ने संस्था की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि फाउंडेशन कैंसर मरीजों एवं उनके परिवारों को सही जानकारी, उचित मार्गदर्शन, भावनात्मक सहयोग तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

श्रीवास्तव ने कहा कि- 

संस्था का प्रयास है कि कोई भी कैंसर मरीज या उसका परिवार स्वयं को अकेला महसूस न करे।

इस अवसर पर सर्वोदय हॉस्पिटल एवं द अशोक फाउंडेशन के बीच एक सहयोग समझौता (एमओयू) भी संपन्न हुआ। इस समझौते के अंतर्गत अशोक फाउंडेशन के माध्यम से आने वाले कैंसर मरीजों को सर्वोदय हॉस्पिटल के कैंसर विशेषज्ञ चिकित्सकों से प्रथम परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा अस्पताल में व्यक्तिगत रूप से तथा ऑनलाइन माध्यम से भी प्राप्त की जा सकेगी।

कार्यक्रम के अंत में अस्पताल की चिकित्सा टीम, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि समाज, चिकित्सा संस्थानों और स्वयंसेवी संगठनों के सामूहिक प्रयासों से कैंसर के प्रति जागरूकता और सहायता का दायरा और अधिक व्यापक बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!