24 घंटे में दो रेप, एक मर्डर… घर का पुराना नौकर निकला हैवान, न कानून का डर न पछतावा

0

पूर्व नौकर ने IRS अफसर की बेटी की जान ली

सवालों के घेरे में घरेलू सुरक्षा व्यवस्था

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के पॉश कैलाश हिल्स इलाके में बुधवार सुबह हुई 22 वर्षीय युवती की रेप के बाद हत्या ने राजधानी को झकझोर दिया है। पीड़िता एक वरिष्ठ IRS अधिकारी की बेटी थी और संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा की तैयारी कर रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी शख्स नहीं, बल्कि परिवार का पूर्व घरेलू कर्मचारी था, जिसे कुछ समय पहले नौकरी से निकाला गया था।

यह मामला केवल एक जघन्य अपराध नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों के लिए चेतावनी भी है जो घरेलू सहायकों, ड्राइवरों और स्टाफ पर भरोसा करते हैं, लेकिन सुरक्षा सत्यापन और निगरानी को हल्के में लेते हैं।

कैसे टूटा भरोसा, कैसे बनी साजिश

दक्षिण रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय कुमार के अनुसार आरोपी राहुल मीणा पहले इसी घर में काम करता था और परिवार की दिनचर्या, घर का नक्शा, चाबियों की जगह और आने-जाने का समय अच्छी तरह जानता था। यही जानकारी इस अपराध का सबसे बड़ा हथियार बनी।

बताया जा रहा है कि युवती के माता-पिता रोजाना सुबह जिम जाते थे। आरोपी को यह पता था कि घर की चाबी घरेलू सहायक के लिए बाहर रखी जाती है। उसने इसी कमजोरी का फायदा उठाया और घर में दाखिल हो गया। करीब 40 मिनट तक घर के भीतर रहा आरोपी, जहां उसने पहले युवती के साथ दरिंदगी की और फिर उसकी हत्या कर दी।

संघर्ष करती रही बेटी, बेरहमी से कुचला गया प्रतिरोध

सूत्रों के मुताबिक युवती ने आरोपी का पूरी ताकत से विरोध किया। उसने मुकाबला किया, लेकिन आरोपी ने डंडे से सिर पर हमला किया और बाद में मोबाइल चार्जर की केबल से गला घोंट दिया। यह तथ्य बताता है कि पीड़िता ने आखिरी सांस तक लड़ाई लड़ी, लेकिन घर के भीतर मौजूद सुरक्षा तंत्र पूरी तरह नाकाम रहा।

घटना की जानकारी देते संयुक्त पुलिस आयुक्त दक्षिण रेंज विजय कुमार

ऑनलाइन सट्टेबाजी, कर्ज और अपराध की मानसिकता

जांच में सामने आया है कि आरोपी को ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की लत थी। वह कई लोगों से उधार ले चुका था और पैसे वापस नहीं करता था। पड़ोसियों तक से कर्ज लिया गया था। इसी वजह से उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।

यह भी सामने आया है कि आर्थिक दबाव, आपराधिक सोच और बदले की भावना ने इस वारदात को जन्म दिया।

हत्या के बाद भी नहीं रुका, होटल में जाकर छिपा

वारदात के बाद आरोपी कपड़े बदलकर घर से निकला, कैब बुक की और द्वारका के एक OYO होटल में जाकर ठहर गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के आधार पर उसे शाम तक गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को अपने किए पर कोई पछतावा नजर नहीं आया।

यह घटना हर परिवार के लिए चेतावनी क्यों है

यह मामला बताता है कि खतरा हमेशा बाहर से नहीं आता, कई बार वह घर के भीतर की जानकारी रखने वाले लोगों से भी होता है। कानूनी विशेषज्ञ मानते हैं कि घरेलू कर्मचारियों को रखने से पहले और हटाने के बाद कुछ जरूरी सावधानियां अपनानी चाहिए-

पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य हो

घर की चाबियों और पासवर्ड की व्यवस्था तुरंत बदली जाए

CCTV और डिजिटल डोर लॉक लगाए जाएं

परिवार की दिनचर्या स्टाफ के सामने सीमित रखी जाए

नौकरी से हटाए गए कर्मचारियों की पहुंच तुरंत खत्म की जाए

राजधानी में सुरक्षा पर बड़ा सवाल

दिल्ली जैसे महानगर में हाई-प्रोफाइल इलाकों तक में यदि इस तरह अपराध हो सकता है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है। यह केस सिर्फ एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि शहरी सुरक्षा मॉडल की कमजोरियों का आईना है।

सबसे बड़ा सवाल

अगर समय रहते सत्यापन, निगरानी और सुरक्षा प्रोटोकॉल मजबूत होते, तो क्या एक होनहार बेटी की जान बच सकती थी ? यही सवाल अब दिल्ली पुलिस, प्रशासन और समाज, तीनों के सामने खड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!