करोड़ों के पेंट हाउस वाली अट्टालिका से गिरता जानलेवा प्लास्टर, पंचशील वेलिंग्टन में बाल-बाल बची महिला !

0

आकाश से बातें करतीं छत, उस छत का अपना स्विमिंग पूल और उसी छत के ठीक सामने दूर तक लहलहाता हराभरा गोल्फ कोर्स, मानो निवासी और खरीददार किसी मायावी दुनिया में पंहुच गए हों। पर याद रखें हर मायावी दुनिया में चमकदार हिरन निकलते राक्षस ही हैं। जो आपको फुसला कर बुलाते हैं और अंत में आपके प्राण हर लेते हैं। कुछ ऐसा ही हाल सुविधाओं और विलासिता का लोभ दिखाकर इंसानों को छलती गगनचुम्बी इमारतों का है। जो वादा तो सुनहरी जीवन का करती हैं, परन्तु कभी छत तो कभी बालकनी से टूटता प्लास्टर, कभी बेसमेंट की सीलन तो कभी पूरे स्ट्रक्चर की कमजोरी खरीददार के जीवन मात्र पर ही संकट ला खड़ा करती है!!

फ्लैट के अंदर फैला छत से गिरा मलबा

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित पंचशील वेलिंग्टन सोसाइटी में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। सोसाइटी के फ्लैट संख्या जी-05 की छत का मलबा अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर 77 वर्षीय सुमन सिंह घायल हो गईं।

घटना के बाद घबराहट में सुमन सिंह

घटना के समय सुमन सिंह अपने कमरे में बिस्तर पर लेटी हुई थीं। तभी छत का प्लास्टर और मलबा टूटकर सीधे उनके ऊपर गिर पड़ा। गनीमत रही कि उनका सिर बच गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। मलबा गिरने से उनके कंधे सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें और सूजन आई है।

घटना के बाद परिजन, एओए पदाधिकारी और बड़ी संख्या में निवासी थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पहुंचे तथा बिल्डर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तत्काल महिला को उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए विजयनगर स्थित संयुक्त अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

जीडीए की एफआईआर के बाद भी नहीं थमी लापरवाही

करीब 1500 फ्लैटों वाली इस हाईराइज सोसाइटी को लेकर पहले भी निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठते रहे हैं। गौरतलब है कि 2 जून को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने पंचशील वेलिंग्टन के बिल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। एफआईआर में घटिया निर्माण, प्लास्टर गिरने की आशंका और किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना का उल्लेख किया गया था। शनिवार की घटना ने उन आशंकाओं को सही साबित कर दिया।

कई बार लगाई गुहार, फिर भी नहीं हुआ सुधार: एओए अध्यक्ष 

सोसाइटी के एओए अध्यक्ष शिव चौहान ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सोसाइटी में प्लास्टर गिरने की गंभीर घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं। 

शिव चौहान कहते हैं कि-

शिव चौहान, एओए अध्यक्ष, पंचशील वेलिंग्टन

हमने प्रशासन और संबंधित विभागों से कई बार गुहार लगाई, शिकायतें दीं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है। हर बार हादसे के बाद आश्वासन मिलता है, मगर समस्या जस की तस बनी हुई है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाला बारिश का मौसम स्थिति को और अधिक भयावह बना सकता है। 

चौहान ने सोसाइटी के सभी टावरों का तत्काल स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने और दोषी बिल्डर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि-

ACP प्रियाश्री पाल

पीड़िता की तहरीर प्राप्त कर ली गई है, जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

उल्लेखनीय है कि हाल ही में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अंबर अरिहंत सोसायटी  में भी प्लास्टर गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने एनसीआर की हाईराइज सोसाइटी में निर्माण गुणवत्ता और निवासियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब निवासियों का कहना है कि चमकदार विज्ञापनों और लग्जरी सुविधाओं से आगे बढ़कर इमारतों की वास्तविक मजबूती और सुरक्षा को प्राथमिकता देने का समय आ गया है। वरना ये “सपनों के महल” कभी भी किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!