ग्रेटर नोएडा वेस्ट की समस्याओं पर नेफोमा ने बिसरख के नए थानाध्यक्ष से की मुलाकात
सुरक्षा, ट्रैफिक, डॉग बाइट्स और सोसाइटी विवादों समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा, अतिरिक्त थानों की मांग भी उठी
NEWS1UP
संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और नागरिक समस्याओं को लेकर फ्लैट बायर्स संगठन नेफोमा (NEFOMA) के प्रतिनिधिमंडल ने नवागत बिसरख थानाध्यक्ष मुनेन्द्र सिंह से शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान ग्रेटर नोएडा वेस्ट की विभिन्न आवासीय सोसाइटियों और आम नागरिकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
डॉग बाइट्स से लेकर चेन स्नेचिंग तक उठे मुद्दे
बैठक में नेफोमा पदाधिकारियों ने सोसाइटियों में बढ़ रहे डॉग बाइट्स विवाद, मूलभूत सुविधाओं को लेकर बिल्डरों और निवासियों के बीच होने वाले टकराव, सुबह-शाम लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में संचालित स्पा एवं मसाज सेंटरों की गतिविधियों, सोसाइटियों के बाहर बढ़ रही चेन स्नेचिंग और चोरी की घटनाओं तथा विभिन्न एओए के आपसी विवादों को प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बढ़ती आबादी के साथ-साथ क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात संबंधी चुनौतियां भी तेजी से बढ़ रही हैं, जिनके समाधान के लिए पुलिस और नागरिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : मुनेन्द्र सिंह
थानाध्यक्ष मुनेन्द्र सिंह ने संगठन को आश्वस्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। चेन स्नेचिंग, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष रणनीति के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि-
जनता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस का दायित्व है और पुलिस टीम दिन-रात क्षेत्रवासियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। नियमों के अनुरूप प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बढ़ती आबादी के अनुरूप बढ़े पुलिस ढांचा: अन्नू खान
नेफोमा के अध्यक्ष अन्नू खान ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन पुलिस संसाधनों का विस्तार उसी गति से नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि संगठन पूर्व में पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर गौर सिटी क्षेत्र तथा एक मूर्ति चौक के आसपास नए थानों की स्थापना की मांग कर चुका है।
उन्होंने कहा कि-
वर्तमान में पूरे ग्रेटर नोएडा वेस्ट का दायित्व मुख्य रूप से बिसरख थाने पर है, जिससे पुलिस पर कार्यभार अत्यधिक बढ़ जाता है। क्षेत्र की जनसंख्या और भौगोलिक विस्तार को देखते हुए यहां एक से अधिक नए थानों की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
सुरक्षा और सुविधाओं के लिए प्रशासन से अपेक्षाएं
नेफोमा का कहना है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट अब लाखों लोगों का आवासीय केंद्र बन चुका है। ऐसे में ट्रैफिक प्रबंधन, अपराध नियंत्रण, सार्वजनिक सुविधाओं और सोसाइटी प्रबंधन से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रशासन को दीर्घकालिक रणनीति अपनाने की आवश्यकता है।
बैठक में नेफोमा के सदस्य कृष्णानंद, आशीष बंसल, पवन छाबड़ा, एडवोकेट अनिल, उमेश सिंह तथा गौर सिटी सेंटर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डी. एस. राव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
