सपा में 100% टूट होगी, अमित शाह को भेजी गई नेताओं की सूची: ओमप्रकाश राजभर

0

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज होती दिखाई दे रही है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार तीखा हो रहा है। इसी बीच योगी सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर के एक बड़े दावे ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। राजभर ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होने वाली है और उसके कई नेता भाजपा के संपर्क में हैं। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनावों की सियासी रणनीति और संभावित दल-बदल की अटकलों से जोड़कर देखा जा रहा है।

NEWS1UP

पॉलिटिकल डेस्क

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी भूचाल आने के संकेत मिले हैं। योगी सरकार में पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी में जल्द ही बड़ी टूट होने वाली है और उसके कई नेता भाजपा का दामन थाम सकते हैं।

राजभर ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर ट्वीट कर कहा कि कि जिस तरह महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में राजनीतिक दलों के भीतर असंतोष और टूट की खबरें सामने आ रही हैं, उसी प्रकार उत्तर प्रदेश में भी समाजवादी पार्टी के भीतर भारी उथल-पुथल चल रही है। उन्होंने दावा किया कि सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र सौंपा है, जिसमें उन नेताओं और जनप्रतिनिधियों की सूची दी गई है जो भाजपा में शामिल होने के इच्छुक हैं।

मंत्री ने एक्स पर लिखा,

“समाजवादी पार्टी में 100 प्रतिशत टूट होगी। अभी नाम बता दूंगा तो पूरा खेल बिगड़ जाएगा, थोड़ा इंतजार करिए, सब सामने आ जाएगा।”

राजभर ने आरोप लगाया कि खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाले जैसे मामलों में जांच एजेंसियों का शिकंजा कसता जा रहा है, जिससे सपा नेतृत्व चिंतित है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के कई नेता अपना राजनीतिक भविष्य सुरक्षित करने के लिए भाजपा के संपर्क में हैं।

सुभासपा प्रमुख ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे गुट के कई सांसदों के दल बदलने की चर्चाएं चल रही हैं। उनका कहना था कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई के कारण कई नेता राजनीतिक संरक्षण की तलाश में हैं।

राजभर ने समाजवादी पार्टी पर दलितों, पिछड़ों और यादव समाज के बीच भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, समाजवादी पार्टी की ओर से राजभर के इन दावों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक गलियारों में उनके बयान को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!