NEWS1UP की खबर का असर: महागुनपुरम में हाउसकीपिंग कर्मचारियों को मिली सरकारी मानकों के अनुरूप सैलरी
उप श्रमायुक्त के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई, श्रमिकों के खातों में पहुंचा वेतन, श्रम कानूनों के पालन के निर्देश।
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। एनएच-9 स्थित महागुनपुरम सोसायटी में हाउसकीपिंग, सिक्योरिटी एवं मेंटिनेंस कर्मचारियों द्वारा वेतन और श्रम सुविधाओं को लेकर की गई हड़ताल के बाद अब सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर NEWS1UP द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित समाचार का उप श्रमायुक्त कार्यालय ने तत्काल संज्ञान लिया, जिसके बाद संबंधित एजेंसियों को श्रम कानूनों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उप श्रमायुक्त डॉ. दिव्य प्रताप सिंह ने बताया कि विभाग को शिकायत मिली थी कि कर्मचारियों को सरकारी मानकों से कम वेतन दिया जा रहा है, उनसे निर्धारित समय से अधिक कार्य लिया जा रहा है तथा पर्याप्त साप्ताहिक अवकाश भी नहीं दिए जा रहे हैं। शिकायत के बाद श्रम विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और एजेंसी प्रबंधन को श्रम नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश जारी किए।
श्रम विभाग की कार्रवाई के बाद हाउसकीपिंग कर्मचारियों के खातों में अब सरकारी मानकों के अनुरूप 13,700 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से वेतन भेजा गया है। इसके साथ ही कर्मचारियों को महीने में चार साप्ताहिक अवकाश देने की भी घोषणा की गई है। इससे पहले उन्हें केवल दो छुट्टियां ही मिल रही थीं।
हाउसकीपिंग कर्मचारी बैन सिंह ने बताया कि उनकी सैलरी नियमानुसार बैंक खाते में जमा कर दी गई है और छुट्टियों की संख्या भी बढ़ा दी गई है, जिससे कर्मचारियों में संतोष का माहौल है। हालांकि मेंटिनेंस स्टाफ के कर्मचारियों ने अभी अपनी नई सैलरी की पुष्टि नहीं की है, लेकिन मेंटिनेंस एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि सभी कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन दिया जाएगा।
उप श्रमायुक्त डॉ. दिव्य प्रताप सिंह ने कहा कि श्रमिकों का किसी भी स्तर पर शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और श्रम कानूनों के उल्लंघन पर विभाग सख्त कार्रवाई करेगा।
महागुनपुरम प्रकरण ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि कर्मचारियों की आवाज यदि सही मंच तक पहुंचे और प्रशासन तत्परता दिखाए तो श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
