रामनगरी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, हनुमानगढ़ी और रामलला के दरबार में किया दर्शन-पूजन

0

NEWS1UP

संवाददाता

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री के आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उतरा। यहां से वह सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे और संकटमोचन हनुमान जी के दरबार में माथा टेककर विधिवत पूजा-अर्चना की। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया।

हनुमानगढ़ी में सीएम ने संत-महंतों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम भी जाना। इस दौरान उन्होंने संत समाज से आत्मीय संवाद किया और उनका हालचाल पूछा। संतों ने भी मुख्यमंत्री के प्रति अपना स्नेह और आशीर्वाद व्यक्त किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने रामलला के समक्ष श्रद्धापूर्वक शीश नवाया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। रामलला के दर्शन के दौरान वह कुछ समय तक मंदिर परिसर में रहे और प्रदेश की उन्नति, शांति तथा समृद्धि की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर रामनगरी में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। उनके आगमन से श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। अयोध्या प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों में भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!