गुलमोहर एन्क्लेव में आग के बाद फायर विभाग की कार्रवाई, बिल्डर व RWA को नोटिस
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी में 17 जून को हुई आग की घटना के बाद अग्निशमन विभाग ने बिल्डर और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को नोटिस जारी कर फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं पर जवाब मांगा है।

जानकारी के अनुसार, टावर एसपी-2 के फ्लैट संख्या-201 में रहने वाले गौरव बंसल के घर में एयर कंडीशनर और स्टेबलाइजर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। आग बुझाने के दौरान उनकी पत्नी अनुजा बंसल का हाथ झुलस गया। मौके पर पहुंची फायर टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जांच में अग्निशमन विभाग ने पाया कि सोसायटी में फायर सेफ्टी व्यवस्थाएं पर्याप्त एवं पूरी तरह कार्यशील नहीं हैं। इसके बाद विभाग ने आरडब्ल्यूए अध्यक्ष और सचिव सहित संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर सभी टावरों में मानकों के अनुरूप अग्निशमन व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नोटिस में निर्देश दिए गए हैं कि सभी टावरों में निर्धारित मानकों के अनुरूप अग्निशमन व्यवस्थाएं तत्काल स्थापित एवं संचालित की जाएं तथा अनुपालन रिपोर्ट न्यायालय और अग्निशमन विभाग को उपलब्ध कराई जाए। फायर विभाग ने कहा है कि सैकड़ों परिवारों की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
