क्लासिक रेजीडेंसी AOA चुनाव प्रकरण की होगी समीक्षा, डीएम ने मांगी जांच आख्या
AOA ने पूर्व डिप्टी रजिस्ट्रार की कार्रवाई पर उठाए सवाल, प्रशासन ने एक सप्ताह में आख्या तलब की
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित क्लासिक रेजीडेंसी सोसायटी का चुनावी विवाद एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर पहुंच गया है। सोसायटी की अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) ने जिलाधिकारी को शिकायत भेजकर आरोप लगाया है कि तत्कालीन डिप्टी रजिस्ट्रार द्वारा उत्तर प्रदेश सोसाइटीज रजिस्ट्रेशन एक्ट 1860 की की धारा 25(2) के तहत की गई कार्रवाई विधिक प्रावधानों के अनुरूप नहीं थी। इसी कार्रवाई के तहत पूर्व में हुए चुनाव को निरस्त कर पुनः चुनाव कराने के निर्देश दिए गए थे।

शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी कार्यालय ने डिप्टी रजिस्ट्रार से एक सप्ताह के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने को कहा है। वर्तमान AOA का दावा है कि चुनाव निरस्तीकरण संबंधी आदेश जारी करते समय तथ्यों और विधिक प्रक्रियाओं का समुचित परीक्षण नहीं किया गया। समिति का दावा है कि धारा 25 (2) के तहत की गई कार्रवाई पर पुनर्विचार की आवश्यकता है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
