अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: स्काईटेक फेज-2 में रेजिडेंट्स ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

0

योग संगम के तहत आयोजित कार्यक्रम में बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक ने किया योगाभ्यास, आयुष मंत्रालय ने एओए को किया सम्मानित

NEWS1UP

हेल्थ डेस्क

गाजियाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित स्काईटेक फेज-2 सोसाइटी में रविवार सुबह योग और स्वास्थ्य का अनूठा संगम देखने को मिला। सोसाइटी के क्लब हाउस में आयोजित विशेष योग सत्र में बच्चों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सुबह 5:30 बजे शुरू हुए कार्यक्रम का संचालन सर्टिफाइड योग प्रशिक्षक राखी सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास के माध्यम से उपस्थित लोगों ने शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया।

यह आयोजन आयुष मंत्रालय की पहल “योग संगम” के अंतर्गत एओए द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के समापन पर एओए पदाधिकारियों ने योग प्रशिक्षक राखी सिंह को पौधा और प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया। पदाधिकारियों ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवन का आधार है तथा इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

सफल आयोजन के लिए आयुष मंत्रालय द्वारा स्काईटेक फेज-2 एओए को ई-सर्टिफिकेट भी प्रदान किया गया। 

कार्यक्रम में अनुरंजन श्रीवास्तव, विश्वमणि पाठक, संजय लाभ, नितिन गुप्ता, माधव कपूर, निशांत वर्मा, कौस्तुब पांडेय, आनंद शांति बल्लभ, मीतू लाभ, वैष्णवी, शालिनी, दीपिका, रश्मि, किरण सहित अनेक निवासियों ने हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!