लखनऊ में कोचिंग सेंटर में भीषण आग, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे लोग

0

अलीगंज स्थित तीन मंजिला इमारत में मची अफरा-तफरी, कई लोगों के फंसे होने की आशंका

14 दमकल गाड़ियां राहत एवं बचाव कार्य में जुटीं

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि भवन के भीतर मौजूद छात्र और कर्मचारी धुएं व लपटों के बीच फंस गए। जान बचाने के लिए कुछ लोगों को इमारत की ऊपरी मंजिलों से कूदते हुए भी देखा गया, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अलीगंज थाना क्षेत्र के उषा मेहता मार्ग स्थित एक तीन मंजिला व्यावसायिक भवन में संचालित कोचिंग संस्थान में दोपहर करीब तीन बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे भवन में घना धुआं भर गया। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग और धुएं से घिरे कुछ छात्र एवं अन्य लोग जान बचाने के लिए भवन की खिड़कियों और ऊपरी हिस्सों से नीचे उतरने या कूदने का प्रयास करते दिखाई दिए। शुरुआती सूचनाओं में 10 से 12 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई गई थी। हालांकि प्रशासन की ओर से सभी लोगों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।

14 दमकल गाड़ियां और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 14 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग पर काबू पाने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म वाहन की भी सहायता ली जा रही है। फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार भीषण आग और घने धुएं के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में किया सहयोग

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी अमन ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो इमारत से घना धुआं निकल रहा था। स्थानीय लोगों ने मिलकर कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति इमारत से कूदने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कुछ अन्य लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका बनी हुई थी।

अंदर पहुंचने के लिए तोड़ी गई दीवार

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि दमकल कर्मियों ने भवन के अंदर प्रवेश करने के लिए पहली मंजिल की एक दीवार तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कमरे की गहन तलाशी ली जा रही है और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता सभी छात्रों एवं अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। मौके पर एम्बुलेंस, डॉक्टरों और चिकित्सा टीमों को भी तैनात किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने तथा पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।

राहत-बचाव अभियान जारी

समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू पाने और भवन के भीतर मौजूद लोगों की तलाश का अभियान जारी था। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने तथा बचाव कार्यों में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!