लखनऊ अग्निकांड में 14 छात्रों की मौत, अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़ राजधानी लौटे मुख्यमंत्री योगी
हादसे की सूचना मिलते ही कार्यक्रम रद्द, डीजीपी और एसीएस (गृह) को मौके पर भेजा
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
अलीगढ़/लखनऊ। लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड में अब तक 14 छात्रों की मौत की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही छोड़ दिया और तत्काल राजधानी के लिए रवाना हो गए। अलीगढ़ में लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उन्हें हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने कार्यक्रम संक्षिप्त कर लखनऊ लौटने का निर्णय लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में 14 छात्रों की जान चली गई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है तथा घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि उनकी इच्छा कार्यक्रम में अधिक समय रुकने की थी, लेकिन अभी-अभी मिली सूचना के अनुसार लखनऊ में आग लगने की गंभीर घटना में कई बच्चे इसकी चपेट में आ गए हैं और कुछ बच्चों की दुखद मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि इस हृदयविदारक घटना के कारण उन्हें तत्काल राजधानी लौटना पड़ रहा है।
दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों एवं अन्य मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले की तह तक जाकर जांच कराई जाएगी तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और अपर मुख्य सचिव (गृह) को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी घायलों के समुचित एवं बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत भी दी है।
‘एक्स’ पर जताया शोक
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि लखनऊ में हुई अग्नि दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
प्रदेश में शोक, प्रशासन अलर्ट
घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री ने अपना पूर्व निर्धारित कार्यक्रम बीच में छोड़कर तत्काल राजधानी लौटने का फैसला किया। उनके इस कदम के बाद प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है और हादसे की उच्चस्तरीय जांच की तैयारी शुरू कर दी गई है।
