अलीगंज अग्निकांड: एसआईटी ने शुरू की जमीनी पड़ताल, घायलों से भी जुटाए अहम सुराग

0

मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर तेज हुई जांच, 7 दिन में सौंपनी है रिपोर्ट

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। अलीगंज अग्निकांड मामले की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंचती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बाद गठित दो सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मंगलवार को घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और केजीएमयू में भर्ती घायलों से मुलाकात कर घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए।

एसआईटी के सदस्य अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात और एडीजी प्रवीण कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर लगभग एक घंटे तक पूरी इमारत का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच दल ने मौके से जुटाए गए साक्ष्यों, तस्वीरों और तकनीकी तथ्यों के आधार पर घटना की कड़ियों को जोड़ना शुरू कर दिया है।

अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि घटनास्थल के विभिन्न कोणों से फोटोग्राफी कराई गई है तथा साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों और विभागों से पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि घायलों से मिली जानकारी भी जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

वहीं एडीजी प्रवीण कुमार ने कहा कि फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया है। जांच के दायरे में उन सभी विभागों और अधिकारियों की भूमिका शामिल की गई है, जिनकी जिम्मेदारी इस मामले से जुड़ती है। निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट शासन को सौंप दी जाएगी।

एफएसएल ने जुटाए अहम वैज्ञानिक साक्ष्य

उत्तर प्रदेश विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के निदेशक आदर्श कुमार के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल से जले हुए विद्युत उपकरण, तार, मलबा तथा अन्य महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए हैं। इनकी वैज्ञानिक जांच से आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में मदद मिलेगी।

दोषियों पर कार्रवाई शुरू

गौरतलब है कि हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़कर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। उन्होंने केजीएमयू पहुंचकर घायलों का हाल भी जाना और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

अब तक इस मामले में चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि चार अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है। एसआईटी को सात दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट शासन को सौंपनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!